बेनी का विवादित बयान, कहा- मुसलमानों को कुछ हुआ तो देश बन जाएगा कश्मीर

Update: 2016-09-09 21:06 GMT

बाराबंकीः सपा के राज्यसभा सांसद बेनी प्रसाद वर्मा ने शुक्रवार को विवादित बयान दिया। बेनी ने मुस्लिम कार्ड खेलते हुए कहा कि अगर इस देश के मुसलमानों को कुछ हुआ, तो पूरा मुल्क कश्मीर बन जाएगा। इसके साथ ही बेनी ने अपनी सरकार के मंत्रियों और विधायकों को सुधरने की नसीहत भी दी।

क्या बोले बेनी?

बेनी प्रसाद ने विवादित बयान में कहा कि ऐसे देश नहीं चलेगा। हमारे देश में 20 करोड़ के आसपास मुसलमान हैं। इनको कोई मार नहीं सकता, भगा नहीं सकता। इनको टेढ़ी नजर से देखोगे तो पूरे देश में कश्मीर जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। इसलिए जो सरकारी खजाना है, वह शांति स्थापित होने के लिए खर्च होता रहे तो बेहतर रहेगा।

और क्या बोले बेनी?

-बेनी ने सीएम अखिलेश यादव को ईमानदार बताया।

-उन्होंने कहा कि यूपी में भ्रष्टाचार है, इसलिए मुलायम को पीड़ा हो रही है।

-जब हम सरकार में थे, तो मुझे या मुलायम सिंह को ऐसा कभी नहीं कहना पड़ा।

-अगर चेहरा गंदा हो गया तो पैसे, गुंडई से चुनाव नहीं जीत सकोगे।

मुसलमानों पर और क्या बोले?

बेनी ने कहा कि बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद दंगों के दौरान नौ मुसलमानों को जलाकर मार दिया गया था। उन नौ मुसलमानों का पोस्टमॉर्टम भी मैंने कराया और उन्हें रौनाही मदरसे में दफनाया भी। उन्होंने ये भी कहा कि बाबरी के ढांचे को गिराने के लिए इंजीनियर लाए गए थे। इसी वजह से ढांचा गिरते वक्त कोई चोटिल नहीं हुआ।

Tags:    

Similar News