Bird and Nature Festival: विजय सागर पक्षी विहार में बर्ड एवं नेचर फेस्टिवल का आगाज

Bird and Nature Festival: महोबा जिले में यूपी बर्ड एंड नेचर फेस्टिवल का आयोजन कल यानी बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रहा है। आयोजन स्थल विजय सागर पक्षी विहार इस समय परदेसी परिंदों से गुलजार है।

Report :  Jyotsna Singh
Update: 2023-02-01 16:19 GMT

महोबा में विजय सागर पक्षी विहार में बर्ड एवं नेचर फेस्टिवल का आगाज: Photo Social Media

Bird and Nature Festival: प्रदेश सरकार की ओर से पहली बार महोबा जिले में यूपी बर्ड एंड नेचर फेस्टिवल का आयोजन कल यानी बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रहा है। आयोजन स्थल विजय सागर पक्षी विहार इस समय परदेसी परिंदों से गुलजार है। यह आयोजन पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में हो रहा है। इस फेस्टिवल में देश के प्रतिष्ठित ईको-टूरिज्म कोआपरेटर, ट्रेवल राइटर, पक्षी प्रेमी एवं पर्यावरण विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

यह जानकारी निदेशक ईको-पर्यटन बोर्ड प्रखर मिश्रा ने आज यहाँ दी। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी, 2023 को मुख्य कार्यक्रम में लगभग 1 हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर प्रातः बर्ड वाचिंग ट्रिप का आयोजन किया गया है। इसके पश्चात पक्षियों एवं ईको-टूरिज्म से सम्बंधित प्रस्तुतिकरण किया जायेगा। शाम को अतिथियों को महोबा क्षेत्र का स्थानीय भ्रमण कराया जायेगा।

ईको-टूरिज्म की प्रदेश में असीम संभावनाओं का व्यापक होगा प्रचार-प्रसार

निदेशक ने बताया कि 3 फरवरी, 2023 को ईको-टूरिज्म टूर कोआपरेटर बांदा स्थित कालिंजर किले तथा चित्रकूट में ईको-टूरिज्म स्थलों का भ्रमण करेंगे। अगले दिन 4 फरवरी को ईको-टूरिज्म टूल कोआपरेटर प्रयागराज होते हुए वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे। वाराणसी में क्रूज की यात्रा के पश्चात वाराणसी में नवस्थापित टेन्ट सिटी में रात्रि विश्राम करेंगे।

यह भी बताया कि 5 फरवरी, 2023 को ईको-टूरिज्म टूर ऑपरेटर प्रातः वाराणसी का स्थलीय भ्रमण करने के पश्चात दिल्ली रवाना होंगे। इस कार्यक्रम से ईको-टूरिज्म की प्रदेश में असीम संभावनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा तथा बुंदेलखण्ड क्षेत्र में स्थित विजय सागर पक्षी विहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा देश के विभिन्न प्रांतों के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा

विजय सागर में 1,262 प्रवासी व 2,335 स्थानीय पक्षी हैं मौजूद

बताते चलें की सुबह-शाम चिड़ियों की चहचाहट और साइबेरियन पंछियों की कलरव सहज ही पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त है। विजय सागर में 1,262 प्रवासी व 2,335 स्थानीय पक्षी मौजूद हैं। इनकी निगहबानी के लिए वन रेंजर के साथ छह कर्मचारी तैनात हैं पर्यटकों को आकर्षित करने एवम प्रकृति का एक अद्भुत अनुभव देने के लिए कई प्रयोग किए गए हैं । जिसमे मुख्यताः वहा स्थित झील का नजारा देखने के लिए नेचर ट्रेल बनाए गए हैं।जिसके सहारे पर्यटक जंगलों में जा सकते हैं। जहां ताज़ी हवा का लुत्फ उठाने के लिए एक पहाड़ पर हवा महल भी बनाया गया है।

विजय सागर पक्षी विहार जाने के लिए रोडमैप क्या होगा

विजय सागर पक्षी विहार जाने के लिए सड़क और रेल मार्ग , वायु मार्ग तीनों ही तरह से पहुंचा जा सकता है। पंछी विहार से निकटतम रेलवे स्टेशन महोबा है , जो प्रयागराज व झांसी रेललाइन से जुड़ा है । वहीं निकटतम हवाई अड्डा खजुराहो है।

जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर की दूरी पर विजय सागर अभ्यारण्य केंद्र है। कानपुर-सागर हाईवे पर कबरई की ओर चलने पर एक संपर्क मार्ग मिलता है। दो किलोमीटर संपर्क मार्ग से चलकर पक्षी विहार पहुंचा जा सकता है। एक पर्यटक को 30 रुपये का टिकट लेना होता है।

विदेशी पक्षी विजय सागर झील में जमाते हैं डेरा

ठंडे देशों में बर्फ जमा होने के साथ हर साल साइबेरियन, विदेशी पक्षी बुंदेलखंड में विजय सागर झील में डेरा जमाने मिलों दूर की दूरी तय करके आ जाते हैं। जिनमें मुख्यतः कजाकिस्तान, चेकोस्लाविया, रूस, बेलारूस से माह नवंबर में ये विदेशी पंछी आना शुरू हो जाते हैं और फरवरी के अंत तक वापस लौट जाते है। विजय सागर पक्षी विहार में इस समय लालसर, मटामर, करूल, पनकौआ, पनडुब्बी, जलमुर्गी, घोंघिला, अंधा बगला, सारस, नकटा, सींखपर, दोंख, बगला, चमचा पक्षियों को देखा जा रहा है। झील के चारों ओर वॉच टॉवर बने है।

दूरबीन के माध्यम से भी परदेसी परिंदों पर नजर रखी जाती है। मेहमान पक्षियों के आने से झील की सुंदरता बढ़ जाती है। लालसर व कालासर आठ हजार किलोमीटर की दूरी तय कर यहां आते हैं।डीएफओ नरेंद्र सिंह सेंगर बताते हैं कि वर्तमान में 1,262 प्रवासी और 2,335 स्थानीय पक्षी हैं। इनकी देखरेख के लिए एक वन रेंजर, वन दरोगा, दो वनकर्मी, दो चौकीदार व तीन नाविकों की तैनाती है।

झील में नौकविहार के लिए पैडलबोट की भी तैयारी

महोबा पंछी विहार में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विजय सागर झील में जल्द नौका विहार की भी तैयारी शुरू हो गई है। जहां चार पैडल वोट चलवाई जाएगी। पंछी विहार के डेवलपमेंट में नौकायन के लिए पैडल वोट के साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा के लिए एक पुलिस की टुकड़ी की व्यवस्था हेतु प्रस्ताव जिलाधिकारी द्वारा रक्खा गया है।

Tags:    

Similar News