सड़क दुर्घटनाएं गड्ढ़ों से नहीं, एक्सप्रेस-वे पर ज्यादा: केशव प्रसाद मौर्या

विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सदन को अवगत कराया कि 2012 से 17 के बीच पांच वर्ष में 401.73 करोड़ का बजट रखा गया था

Update: 2020-02-28 16:45 GMT

लखनऊ: विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री ने बजट की जानकारी पेश की। विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सदन को अवगत कराया कि 2012 से 17 के बीच पांच वर्ष में 401.73 करोड़ का बजट रखा गया था। हमने तीन वर्ष में 759 करोड़ रूपया खर्च किया है। 21 हजार किमी से ज्यादा सड़कों पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

हम बिना भेदभाव के सभी 75 जिलों में सभी सदस्यों के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सड़कें बना रहे हैं। सड़क दुर्घटनाएं गड्ढ़ों से नहीं बल्कि एक्प्रेस-वे पर ज्यादा हो रही है, जो चिन्ता का विषय है। हमने बजट में सात मीटर चैड़ी सड़क तक वहां पड़ने वाले धार्मिक स्थलों पर शेड बनाने पानी की व्यवस्था और चालकों के आराम की व्यवस्था की हैं। हमारा लक्ष्य यूपी को उत्तम प्रदेश बनाना है। सरकार ने रोड सेफ्टी के लिए 139 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।

विपक्ष ने खराब सड़कों का लगाया आरोप

सदन में उपमुख्यमंत्री मौर्या की मौजूदगी में शिक्षक दल समेत सम्पूर्ण विपक्ष के सदस्यों ने एक स्वर से अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति की बात कही। हालांकि यह मुद्दा कांग्रेस के दीपक सिंह एवं नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने शून्य काल में उठाया था। उनका कहना था कि प्रदेश की सड़कें गड्ढ़ामुक्त नहीं गड़ढायुक्त है। सड़कों पर चलना मुश्किल है, और सरकार हवाई बातें कर रही है।

ये भी पढ़ें- UP: विधानसभा का बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

कांग्रेस के दीपक सिंह ने कहा कि अमेठी की सड़कें और फ्लाईओवर की दशा बहुत खराब है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि बांदा बाईपास के चारों तरफ की सड़क बद्हाल है। शिक्षक सदस्य ध्रव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गोरखपुर से बड़हलगंज तक की सड़कें खराब है। ओम प्रकाश शर्मा ने हस्तिनापुर और गढ़मुक्तेश्वर की सड़क दयनीय होने की बात कही तो सपा के मिस्बाहुद्दीन ने सण्डीला-कानपुर रोड पर कुछ हिस्सा लोक निर्माण विभाग द्वारा छोड़ देने की शिकायत की।

सड़कों को गड्ढ़ामुक्त बनाना हमारा संकल्प

संजय लाठर, अमित यादव, शुतरूद्र प्रकाश, हीरालाल यादव, सीपी.चन्द्र, सुनील साजन, रामवृक्ष यादव ने भी अपने-अपने क्षेत्र में खराब सड़कों की बात कही। सभी सदस्यों के सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा बांदा बाईपास पर निर्माण कार्य की कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़कों को गड्ढ़ामुक्त करना हमारा संकल्प है। सड़कें सुन्दर बन रही है। सड़कें ठीक नहीं तो यूपी विकास पथ पर आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने दीपक सिंह की तरफ तंज करते हुए कहा आप अमेठी की सड़कें देख लेंगे तो प्रदेश को समझ लेंगे।

ये भी पढ़ें- दिल्ली हिंसा: मां को धरने से वापस लाने गया था बेटा, दंगे का हो गया शिकार

इसके पूर्व सपा के आनन्द भदौरिया ने कहा कि विधानसभा की तरह ही विधान परिषद के सदस्यों को भी दस-दस करोड़ रूपये के सड़क निर्माण प्रस्ताव देने के अधिकार की बात कही। इसका उपमुख्यमंत्री ने तत्काल कोई उत्तर न देकर बाद में जानकारी देने को कहा। इस पर अधिष्ठाता सुरेश त्रिपाठी ने कहा कि विधान मण्डल के सभी सदस्यों का अधिकार समान है। किसी के विशेषाधिकार का हनन नहीं होना चाहिए। सरकार इस संदर्भ में पारदर्शिता बरतते हुए निर्णय ले।

Tags:    

Similar News