Mahoba News: मूसलाधार बारिश से पुलिस चौकी में भरा पानी, पुलिसकर्मी हुए परेशान

महोबा में 18 घंटों से लगातार जारी भारी बारिश के चलते शहर की सुभाष चौकी में पानी भर गया।

Report :  Imran Khan
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-01 13:14 GMT

सुभाष पुलिस चौकी महोबा

Mahoba News: मूसलाधार बारिश ने शहर की सूरत का बिगाड़ कर रख दिया है। महोबा में 18 घंटों से लगातार जारी भारी बारिश के चलते शहर की सुभाष चौकी में पानी भर गया। चौकी परिसर सहित बैरकों में भी पानी भरने से यहां रहने वाले पुलिसकर्मियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बता दें कि महोबा में बीते 18 घंटों से लगातार मूसलाधार बारिश चल रही है। वहीं इस बारिश ने नगर पालिका प्रशासन की पोल खोल कर रख दी है। नाली और नालों के निर्माण और सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी नगर वासियों को जलभराव की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पा रहा! हालात इतने खराब हैं कि घरों में पानी भरना तो आम बात हो गई है। यही नहीं शहर की सुभाष पुलिस चौकी की छत से पानी टपक रहा है और चारपाई पर बैठा जवान पानी निकालने के लिए मजबूर है।


यह तस्वीर महोबा के सुभाष पुलिस चौकी की है इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पालिका की सफाई व्यवस्था किस कदर लचर है। नाला, नाली, खड़ंजा और सीसी निर्माण में करोड़ों रुपए लगाने के बावजूद भी जलभराव की समस्या से यहां के लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। सुभाष चौकी के अंदर नाली के गंदे जलभराव को निकालने के लिए पुलिसकर्मी मशक्कत कर रहा है। महोबा में पिछले 18 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते आम जनमानस की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को भी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। खाने-पीने का सामान भीगने के साथ-साथ पुलिस चौकी में रखा कागजात भी बर्बाद हो रहे हैं। फिलहाल महोबा शहर की सुभाष चौकी तालाब में तब्दील दिखाई दे रही है। 




बता दें कि पूरे प्रदेश में रुक रुक कर बारिश जारी है, जिसके चलते कई नदियां उफान पर है। कई गांव बाढ़ से घिर गए हैं, लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा जा रहा है।

Tags:    

Similar News