Lakhimpur kheri News: चैत्र नवरात्रि पर मंदिरों में होंगे भव्य आयोजन, DM ने लिया तैयारियों का जायजा

Lakhimpur kheri News: चैत्र नवरात्रि, श्रीरामनवमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने अफसरों के साथ बैठक की।

Update: 2023-03-21 21:26 GMT
लखीमपुर खीरी: चैत्र नवरात्रि पर मंदिरों में होंगे भव्य आयोजन, DM ने लिया तैयारियों का जायजा

Lakhimpur kheri News: चैत्र नवरात्रि, श्रीरामनवमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने अफसरों के साथ बैठक की, जिसमें नवरात्रि पर प्रमुख धर्मस्थलों पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक का संचालन सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने किया।

DM ने बताया धार्मिक महत्व

अमूमन धार्मिक कार्यों के बारे में पुरोहित महत्व बताते हैं लेकिन बैठक में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने भी बताया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान के साथ पूजा की जाती है। वैदिक तथा पुराणों में चैत्र नवरात्र को विशेष महत्व दिया गया है। इससे आत्मशुद्धि और मुक्ति का आधार माना गया है। चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा का पूजन करने से नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है और हमारे चारों ओर एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

CDO ने कहा- कराए जाएंगे धार्मिक आयोजन

सीडीओ अनिल सिंह ने कहा कि चैत्र नवरात्रि की शुभ तिथियों पर सरकार द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए महिलाओं और बालिकाओं की इन कार्यक्रमों में विशेष रूप से सहभागिता सुनिश्चित करते की जा रही है। जिले के देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में दुर्गा सप्तशती का पाठ, देवी गायन, देवी जागरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 29 से 30 मार्च 2023 अष्टमी एवं श्री रामनवमी के अवसर पर प्रमुख शक्तिपीठ मंदिरों में मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय मूल्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार और जन सामान्य को इससे जोड़ते हुए अखंड रामायण पाठ का आयोजन कराया जाएगा।

बैठक में जिला स्तरीय समिति ने तय किया कि नवरात्रि की शुभ तिथियों पर जिला मुख्यालय के प्रमुख मंदिर संकटा देवी मंदिर, भुइया माता मंदिर, दुर्गा मंदिर काशीनगर, मुड़िया महंत मंदिर में देवी जागरण, दुर्गा सप्तशती पाठ, रामायण पाठ का भी आयोजन होगा। इसके अलावा गोला में मुख्यालय स्तर पर देवी जागरण का आयोजन होगा। वहीं तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में प्रमुख मंदिरों का चयन करते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है।

इसके लिए डीएम ने सभी एसडीएम को उक्त चिन्हित मंदिरों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि, प्रकाश एवं दरी बिछावन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम स्थलों पर जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम संजय कुमार सिंह, डीडीओ अरविंद कुमार, डीपीआरओ सौम्यशील सिंह, डीएसडब्लूओ सुधांशु शेखर, अपर जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र कुमार पर्यटन सूचना अधिकारी सुचित कुमार चौधरी मौजूद रहे।

तहसीलवार इन प्रमुख मंदिरों पर होंगे कार्यक्रम

गोला: संकट मोचन मन्दिर गोला, मंगला देवी मन्दिर, पश्चिमी दीक्षिताना वार्ड संख्या 14, मां भगवती मन्दिर ग्राम जलालपुर ब्लॉक बांकेगंज, श्री टेढ़ेनाथ धाम गोमतीतट निकट मगदापुर, काली मन्दिर वार्ड नं0 7 मैलानी।

पलिया: पाण्डे बाबा मंदिर, मां कालरात्रि मन्दिर, मां दुर्गा मन्दिर, सम्पूर्णानगर, मां कल्याणी मंदिर भीरा, माता मंजेश्वरी देवी, मझगई, दुर्गा माता मंदिर चन्दनचौकी।

Tags:    

Similar News