Chandauli News: पहाड़ों की बारिश में मचाई तबाही,बांधों के पानी से नदियों में ऊफान,कई रास्ते हुए बंद
Chandauli News: चंदौली जिले में पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश और डैम से छोड़े गए पानी ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। कई गांव जलमग्न हो गए हैं और मुख्य मार्गों पर आवागमन बंद हो गया है।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। चंद्रप्रभा डैम से छोड़े गए पानी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिससे दर्जनों गांव जलमग्न हो गए हैं और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया हैं।सबसे अधिक असर बबुरी थाना क्षेत्र में देखा गया है। बबुरी-मुगलसराय मार्ग और बबुरी-चंदौली मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव के चलते आवागमन बाधित हो गया है। सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
नदियों में उफान, गांवों में घुसा पानी
चंद्रप्रभा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद चंद्रप्रभा, कर्मनाशा और गड़ई नदियों में उफान आ गया है। इन नदियों का पानी अब तटवर्ती गांवों में घुस चुका है, जिससे लोगों के घर, खेत और मवेशियों के चारे तक नष्ट हो गए हैं। फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और सब्जियों की खेती भी पूरी तरह तबाह हो गई है।
लोगों को छोड़ना पड़ा घर-द्वार
बाढ़ का पानी गांवों को चारों ओर से घेर चुका है, जिससे कई ग्रामीणों को अपने घर छोड़कर सड़क किनारे शरण लेनी पड़ रही है। बाबरी से मुगलसराय और चंदौली जिला मुख्यालय जाने वाले मार्गों पर जलभराव के चलते आवागमन ठप है।
प्रशासन राहत कार्यों में जुटा
प्रशासनिक टीमें लगातार बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं और राहत कार्यों में जुटी हैं। बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं जहां प्रभावित लोगों को भोजन, पीने का पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि, जलजमाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों की परेशानियां कम होती नहीं दिख रहीं।