Chandauli News: चंदौली के गांधी पार्क में भाकपा (माले) की भूख हड़ताल तेज़, प्रशासन की संवेदनहीनता के विरोध में संघर्ष का बिगुल
चंदौली के गांधी पार्क में भाकपा (माले) की भूख हड़ताल तेज़, प्रशासन की संवेदनहीनता के विरोध में संघर्ष का बिगुल (Photo- Newstrack)
Chandauli News: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन [भाकपा (माले)] के कार्यकर्ताओं का गांधी पार्क (चकिया बाजार) में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज 24वें दिन में प्रवेश कर गया। प्रशासन की अनदेखी से आक्रोशित होकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का रास्ता अपनाया है।
“तानाशाही राज में संघर्ष ही रास्ता है”: सुधाकर यादव
पार्टी के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने कहा कि “भाजपा की डबल इंजन सरकार में लोकतांत्रिक आंदोलनों की अनदेखी बढ़ती जा रही है। यह स्पष्ट संकेत है कि तंत्र अब फासीवादी दिशा में जा रहा है। ऐसे में जनता की आवाज़ उठाने के लिए संघर्ष ही एकमात्र उपाय रह गया है।”
प्रमुख 16 सूत्रीय मांगें:
भाकपा (माले) नेताओं ने जिन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन तेज किया है, उनमें शामिल हैं:
• धरदे, धनावल और सपही गांवों में अंबेडकर पार्क की स्थापना और प्रतिमा की स्थापना हेतु ज़मीन का आवंटन
• बैराठ फार्म के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर गरीबों को ज़मीन का मालिकाना हक
• जिगना के कुशडेहरा मौजा में नवीन परती ज़मीन का गरीबों में वितरण
• चकिया की नंगी पहाड़ियों पर खनन के अधिकार को मिर्ज़ापुर की तर्ज पर बहाल करना
• अतरसुहवा नाला से भोंका बांध तक सिंचाई हेतु जल प्रबंधन
• गणवा सहित कई गैर-मान्यता प्राप्त गांवों को राजस्व ग्राम घोषित करना
विजई राम भूख हड़ताल पर, प्रशासन पर तानाशाही के आरोप
भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता कामरेड विजई राम को राज्य सचिव सुधाकर यादव ने माला पहनाकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठाया। उनके समर्थन में कामरेड परमहंस राम, रमेश चौहान, सुरेश राम और सुदामा राम भी 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठे। कामरेड विजई राम ने कहा, “हम यह लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ेंगे। तहसील प्रशासन का तानाशाही रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
जनता की भागीदारी और संगठन की चेतावनी
सभा को कामरेड अनिल पासवान, शशिकांत सिंह, राम बचन वनवासी, बैजंतीमाला, सविता वनवासी, पार्वती वनवासी, सुनैना कुमारी और कली कुमारी जैसे नेताओं ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता कामरेड शिवू चौहान ने की और संचालन खेग्रामस के जिला सचिव रामायण राम ने किया।