ओवैसी से गठबंधन के बीच चंद्रशेखर आजाद को बड़ा झटका, कोर्ट ने दिया घर की कुर्की का आदेश; जानें पूरा मामला
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का गाजियाबाद MP-MLA कोर्ट ने आदेश दिया है। जानिए क्या है पूरा मामला?
Image Source - Social Media
Chandrashekhar Azad News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई हैं। आरोप-प्रत्यारोप के दौर शुरु हो चुके हैं। 2018 के एक मारपीट के मामले में कोर्ट ने नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का नोटिस जारी किया है। इस आदेश के बाद चंद्रशेखर आजाद ने राजनीतिक गठबंधन का हवाला देते हुए सरकार पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है।
ओवैसी के साथ गठबंधन के बाद चंद्रशेखर की बढ़ीं मुश्किलें?
दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने 12 नवंबर को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए गठबंधन का ऐलान किया था। इस गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है। गठबंधन की घोषणा के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज है। इसी बीच चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गाजियाबाद की अदालत का कुर्की संबंधी आदेश सामने आया है। अदालत ने 2018 के मारपीट मामले में अदालत में नहीं पेश होने पर चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का नोटिस जारी कर दिया है।
चंद्रशेखर आजाद ने क्या कहा?
अदालत के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर आजाद ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन से सरकार बौखला गई है और इसी वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है। सांसद ने बताया कि 17 नवंबर को वह मुंबई में पहले से निर्धारित संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने गए थे। उनके वकील ने भी अदालत में इस संबंध में प्रार्थनापत्र दाखिल किया था।
2018 के मारपीट मामले में आया आदेश
चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ यह मामला साल 2018 का है। गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया था कि हथियारों को लेकर सवाल पूछने पर चंद्रशेखर आजाद और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी। शिकायत में धमकी देने का आरोप भी लगाया गया था। इस मामले में 17 नवंबर को सुनवाई के दौरान सांसद अदालत में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट ने उनके घर की कुर्की का आदेश जारी किया।
8 दिसंबर को अगली सुनवाई
इस मामले में अब अगली सुनवाई 8 दिसंबर 2026 को होगी। अदालत के आदेश के बाद चंद्रशेखर आजाद की कानूनी स्थिति और उनकी अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन भी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है।