Chitrakoot News: समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण
Chitrakoot News: चित्रकूट के राजापुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने 16 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।
Chitrakoot News
Chitrakoot News: राजापुर थाना सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 16 फरियादियों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। इनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने बताया कि 10 अगस्त से शुरू होने वाले तुलसी जयंती समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता ने राजस्व संबंधी शिकायतों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तुलसी जयंती समारोह राजापुर का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है।
इसे भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए साफ-सफाई, पेयजल, यातायात सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।समाधान दिवस के बाद पुलिस अधीक्षक और उपजिलाधिकारी ने नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा की मौजूदगी में तुलसी जन्मकुटीर पहुंचकर 10 अगस्त से शुरू होने वाले तुलसी जयंती समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।इसके बाद अधिकारियों ने यमुना तट पर प्रस्तावित यमुना आरती स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।इस दौरान प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार प्रजापति, राजस्व निरीक्षक चंद्रभान सिंह, राजेंद्र गुप्ता, सदर लेखपाल अभय सिंह, लेखपाल शशांक मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं तुलसी जन्मकुटीर में सुनील मिश्रा, शिवपूजन गुप्ता, अशोक सोनी, सतीशचंद्र मिश्र, कमलेश मोदनवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।