Banda News: उद्घाटनों के नाम रहा सीएम का बांदा दौरा, राजनीतिक उत्सव जैसा रहा शहर में माहौल

Banda News: मुख्यमंत्री के साथ राजनेताओं और अफसरों का भारी अमला मौजूद रहा, सीएम को देखने के लिए आम लोग भी काफी उत्साहित रहे। जीआईसी मैदान में बने हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर करीब 1:00 बजे पहुंचे।

Report :  Anwar Raza
Update: 2023-02-17 13:48 GMT

File photo of CM Yogi Adityanath unveiled the statue of Maharana Pratap in Banda (Pic: Newstrack)

Banda News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शहर में महाराणा प्रताप व महाराजा खेत सिंह खंगार की मूर्ति अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने कालिंजर महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ राजनेताओं और अफसरों का भारी अमला मौजूद रहा, सीएम को देखने के लिए आम लोग भी काफी उत्साहित रहे। जीआईसी मैदान में बने हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर करीब 1:00 बजे पहुंचा। जिसके बाद वह सरकारी वाहन से महाराणा प्रताप चौक पहुंचे। यहां सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, चित्रकूट लोकसभा के सांसद आरके पटेल, हमीरपुर लोकसभा से सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल सहित अन्य भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

सीएम ने महाराजा खेत सिंह खंगार की मूर्ति का अनावरण किया

सीएम ने महाराणा प्रताप चौक में लगी प्रतिमा का इलेक्ट्रिक बटन दबाकर अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने पल्हरी जाकर महाराजा खेत सिंह खंगार की मूर्ति का भी अनावरण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कैबिनेट मंत्री जल शक्ति स्वतंत्र देव सिंह पटेल व राज्यमंत्री जल शक्ति रामकेश निषाद मौजूद रहे। अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर के द्वारा कालिंजर गए, जहां पर उन्होंने कालिंजर महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया। इसके बाद सीएम ने किला कालिंजर में नीलकंठ महाराज के दर्शन भी किए। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही खासकर शहर के महाराणा प्रताप चौराहे को दुल्हन की तरह सजाया गया था। आर्टिफिशियल तरीके से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और आई लव बांदा के स्लोगन भी लिखे गए थे। मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए स्थानीय लोग खासे उत्साहित दिखे।

कालिंजर महोत्सव में ये बोले मुख्यमंत्री...

शिव रात्रि की पूर्व संध्या पर उन्होंने समस्त प्रदेश वासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज उन्हें राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप, महाराजा खेत सिंह की मूर्ति के अनावरण का अवसर मिला, अब नीलकंठ महादेव के महोत्सव के उद्घाटन का अवसर मिला, यह क्षेत्र ऋषियों की तपोस्थली रहा है। इसे दिव्य महापुरुषों का सानिध्य प्राचीन काल से ही प्राप्त होता रहा। बांदा में रानी दुर्गावती को कौन भूल सकता है। उन्होंने कहा ‘2017 में मैं पहली बार बुंदेलखंड आया था तब मैंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से विकास की शुरुआत करने को कहा था।’ आज दिल्ली पहुंचना आसान हुआ, आगे चित्रकूट में डिफेन्स करिडोर का निर्माण करने जा रहे हैं, केन बेतवा नदी जुड़ने के बाद बुंदेलखंड स्वर्ग बन जाएगा। ग्लोबल समिट में 33 लाख करोड़ के प्रस्ताव आए, बुंदेलखंड के लिए साढ़े चार लाख करोड़ आया है, जिससे यहां रोजगार बढ़ेगा।

इससे पूर्व की प्रतिमा ट्रक की टक्कर से गई थी टूट

बता दें कि महाराणा प्रताप चौक में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पहले भी लगी थी, जिसको एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मारकर ध्वस्त कर दिया था। जिसके बाद क्षत्रिय महासभा ने विरोध किया तो जिला प्रशासन ने नई महाराणा प्रताप की मूर्ति लगवाने का फैसला लिया था। क्षत्रिय महासभा की मांग थी कि इसका अनावरण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही करेंगे। सूबे के मुखिया आज जनपद आए थे और इस प्रतिमा का अनावरण किया।

Tags:    

Similar News