UP Nikay Chunav: सीएम के रोडशो की भाजपा कार्यकर्ता कर रहे तैयारी, चिरगांव में बीजेपी की निर्विरोध जीत

Jhansi News: पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संभावित कार्यक्रम की तैयारियों के साथ ही प्रचार अभियान को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दूसरी ओर नामांकन वापसी के दिन गुरुवार को चिरगांव नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी कुंवर राघवेंद्र सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए।

Update:2023-04-21 03:16 IST
(Pic: Newstrack)

Jhansi News: नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अप्रैल के आखिरी सप्ताह में झांसी आयेंगे। वे यहां रोडशो या जनसभा अथवा दोनों ही कर सकते हैं। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संभावित कार्यक्रम की तैयारियों के साथ ही प्रचार अभियान को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दूसरी ओर नामांकन वापसी के दिन गुरुवार को चिरगांव नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी कुंवर राघवेंद्र सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए।

कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी पार्टी

भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी में रोडशो करेंगे। यह भी संभव है कि मुख्यमंत्री की जनसभा का आयोजन हो। पार्टी दोनों ही कार्यक्रमों की तैयारी में जुटी है। अभी तारीख और अंतिम कार्यक्रम का फैसला होना बाकी है। जनसभा के लिए क्राफ्ट मेला मैदान या एलवीएम को प्रस्तावित किया गया है। रोड शो के लिए सीपरी बाजार को प्रस्तावित किया गया है। संभव है कि 28 या 29 अप्रैल को कार्यक्रम आयोजित हों। जनसभा या रोडशो को लेकर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है।

चिरगांव में भाजपा की निर्विरोध जीत

दूसरी ओर नगर पालिका चिरगांव के अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कुंवर राघवेंद्र सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इस सीट पर सपा, बसपा के प्रत्याशियों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने गुरुवार को नामांकन वापस ले लिया। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली के कारण हर व्यक्ति भाजपा से जुड़ना चाहता है। विपक्षी दलों को प्रत्याशी तक नहीं मिल रहा। चिरगांव नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय सहित सभी विपक्षी पार्टियों के प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया और भाजपा में शामिल हो गए।

तथाकथित भाजपा नेताओं पर लग रहे आरोप

निकाय चुनाव की आड़ में भाजपा के तथाकथित नेता 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी की छवि धूमिल करने पर उतर आए हैं। आरोप है कि निकाय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को भाजपा नेता द्वारा पुलिस से परेशान करवाया जा रहा है। इनमें कुछ ऐसे लोग हैं जो पूर्व में कई बार पार्षद रह चुके हैं। लेकिन इस बार भी पार्षद बनने का सपना देख रहे हैं। हालांकि इन लोगों की जनता के अंदर छवि ठीक नहीं है। पुलिस और प्रशासन का सहयोग लेकर अच्छे छवि रखने वाले लोगों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि उनके समर्थन में नाम वापस ले लो। नाम वापस न लेने पर बच्चों व घर के अन्य सदस्यों को परेशान कर रहे हैं। बताते हैं कि जिन लोगों को यह लोग परेशान कर रहे हैं। वह भाजपा से जुड़े लोग भी हैं। विधायक और सांसद को वोट कर चुके हैं।

Tags:    

Similar News