Prateek Yadav Death: लखनऊ में अपर्णा यादव के आवास पहुंचे सीएम योगी, प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि
Prateek Yadav Death: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में अपर्णा यादव के आवास पहुंचकर उनके दिवंगत पति प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
Prateek Yadav Death (Image Credit-Social Media)
लखनऊ, 13 मई| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भाजपा नेता और प्रदेश की राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के घर पहुंचकर उनके पति प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि दी। साथ ही परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान सीएम योगी के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, ''उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पति प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी एवं शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।''
इससे पहले सीएम योगी ने प्रतीक यादव के निधन पर एक्स पोस्ट में लिखा, ''उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''
इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव भी प्रतीक यादव को अंतिम विदाई देने के लिए अपर्णा यादव के आवास पहुंचीं।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार की सुबह अचानक से निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के सिविल अस्पताल में आखिरी सांस ली। इसी बीच, प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि शरीर में खून का थक्का बनने के बाद प्रतीक की हालत बिगड़ी थी। शरीर के निचले हिस्से से खून का थक्का ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया था, जिससे आर्टरी और फेफड़ों में संक्रमण हुआ। इसके बाद कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हो गई।