DGP प्रशांत कुमार ने अखिलेश यादव को दी जातिगत पोस्टिंग पर नसीहत, बोले- जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग न फैलाएं अफवाह
UP News: अखिलेश यादव ने प्रदेश में पुलिस थानों में जातिगत असंतुलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, "आगरा के 48 थानों में से केवल 15 थानेदार PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय से हैं, बाकी अधिकतर 'सिंह भाई लोग' यानी ठाकुर समुदाय से हैं।"
UP News: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए जातिगत पोस्टिंग के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों की तैनाती जनपदों में तय मानकों के अनुसार की जाती है, न कि जाति के आधार पर।
DGP ने कहा कि कुछ लोग गलत जानकारी फैलाकर भ्रम पैदा कर रहे हैं, जबकि हमारा कर्तव्य है कि हम सच्चाई सामने लाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पांच जिलों की रिपोर्ट से साफ है कि थानों में OBC वर्ग के थानेदारों की संख्या संतुलित है। ‘सिंह साहब’ वाले अखिलेश के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए DGP ने कहा, “आपको गलत जानकारी दी गई है, कृपया ऐसे बयान न दें।”
अखिलेश यादव ने क्या कहा था?
प्रयागराज में मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में पुलिस थानों में जातिगत असंतुलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, "आगरा के 48 थानों में से केवल 15 थानेदार PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय से हैं, बाकी अधिकतर 'सिंह भाई लोग' यानी ठाकुर समुदाय से हैं।"
उन्होंने आगे उदाहरण देते हुए कहा, "मैनपुरी के 15 थानों में सिर्फ 3 PDA समुदाय से हैं और 10 ठाकुर समुदाय से। चित्रकूट में 10 में से 2 PDA और 5 ठाकुर, जबकि महोबा के 11 थानों में 3 PDA और 6 ठाकुर समुदाय से हैं। क्या यही है ‘सबका साथ, सबका विकास’?" अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह समाज में जातीय और धार्मिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में सामाजिक न्याय और समावेशिता की भावना खत्म हो चुकी है।