Etah News: जैथरा में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

Etah News: जैथरा कस्बे में कोचिंग सेंटरों और बेसमेंट लाइब्रेरी के संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने डीएम से निष्पक्ष जांच कर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Update:2026-08-07 21:00 IST

Etah News

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र के कस्बा जैथरा में मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे कोचिंग सेंटरों और बेसमेंट लाइब्रेरी को लेकर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी एटा को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में कई बार मामला सामने आने और खबरें प्रकाशित होने के बावजूद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

शिकायत में जीसीपी साइंस क्लासेस का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि प्रताप शिक्षा संस्थान के सामने स्थित यह संस्थान 25 फीट चौड़ी गली में होने के बावजूद महज ढाई फीट के मुख्य प्रवेश द्वार वाले मकान में संचालित हो रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आपात स्थिति में छात्रों को बाहर निकालने में गंभीर परेशानी हो सकती है। पंजीकरण के नाम पर प्रति छात्र एक हजार रुपये वसूलने और घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग का आरोप भी लगाया गया है।इसी तरह पानी की टंकी के पास बेसमेंट में संचालित बांके बिहारी लाइब्रेरी पर आपातकालीन निकास और अग्निशमन सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया गया है।

वहीं, दरियावगंज रोड स्थित स्टडी 07 कोचिंग सेंटर की इमारत को जर्जर बताते हुए कच्ची ईंटों और बिना प्लास्टर की दीवारों के बीच कक्षाएं संचालित होने की बात कही गई है।शिकायत में संकरी गली और बाहर खड़ी साइकिलों के कारण कांवड़ यात्रा के दौरान भगदड़ अथवा दुर्घटना की आशंका भी जताई गई है। शिकायतकर्ताओं ने DIOS के बजाय नगर मजिस्ट्रेट अथवा किसी स्वतंत्र उच्च अधिकारी से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Tags:    

Similar News