Etah News: Etah में हंगामा! नशे में पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल, मारपीट के आरोप से मचा बवाल

Etah News: Etah में यूपी-112 पुलिसकर्मियों पर नशे में युवक से मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।

Update:2026-05-15 22:09 IST

Etah News: Etah में यूपी-112 सेवा से जुड़ा एक मामला चर्चा में आ गया है। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के जीटी रोड स्थित नगर पालिका कार्यालय के सामने उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सड़क किनारे पड़े एक युवक की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ही नशे में होने के आरोप लगने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

सड़क पर युवक के साथ मारपीट का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यूपी-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि गाड़ी में मौजूद एक पुलिसकर्मी, जिसने अपना नाम पवन चौधरी बताया, नशे की हालत में था। लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी ने सड़क किनारे पड़े युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवक को जमीन पर गिराकर थप्पड़ और लात-घूंसे मारे गए। इतना ही नहीं, उसके चेहरे पर ऊपर से पानी भी डाला गया। घटना के दौरान सड़क पर काफी भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

लोगों से भी अभद्रता करने का आरोप

घटना के दौरान जब कुछ लोगों ने पुलिसकर्मी की हरकतों का विरोध किया तो आरोप है कि उसने राहगीरों से भी अभद्र व्यवहार किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिसकर्मी खुद को प्रभावशाली बताते हुए लोगों को धमकाने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि यूपी-112 वाहन का चालक भी सामान्य स्थिति में नहीं था। हालांकि इस मामले में अभी तक मेडिकल जांच की आधिकारिक रिपोर्ट सामने नहीं आई है।

वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल बढ़ गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि यूपी-112 पर तैनात एक पुलिसकर्मी के अभद्र व्यवहार की जानकारी मिली है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लोगों ने उठाए सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने यूपी-112 जैसी आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। राहगीरों ने संबंधित पुलिसकर्मियों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों का मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो के आधार पर तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

Tags:    

Similar News