Etah News: आवारा सांड ने ली बुजुर्ग महिला की जान, पशुओं के आतंक से ग्रामीणों में रोष
Etah News: एटा में आवारा सांड के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और क्षेत्र में आवारा पशुओं के आतंक को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।इसी क्रम में थाना निधौलीकला क्षेत्र के रुस्तमगढ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है,। जहां एक आवारा सांड के हमले में 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
घर के बाहर निकलते ही हुआ हमला
जानकारी के अनुसार घर के बाहर निकलते ही हमला हुआ था। जिसमें ग्राम रुस्तमगढ निवासी रामबेटी (69), पत्नी रामसिंह, बुधवार देर रात करीब 9 बजे किसी जरूरी काम से अपने घर से बाहर निकली थीं। जैसे ही वह सड़क पर आईं, वहां घूम रहे एक खूंखार आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने महिला को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह हवा में उछलकर दूर जा गिरीं। टक्कर इतनी भयानक थी कि महिला के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गईं।
इलाज के दौरान हुई मौत
वहीं चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल महिला को एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के हर संभव प्रयास किए, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि बुजुर्ग महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। गुरुवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा मातम
महिला की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, वहां मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा पशुओं की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि, आवारा पशुओं को तुरंत गौशाला भेजा जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।