Firozabad: नीम खेरिया के ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, मतदान केंद्रों को अलग-अलग रखने की मांग
Firozabad News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में नीम खेरिया के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर नीम खेरिया और नगला कन्हीं के मतदान केंद्र अलग-अलग रखने की मांग की।
Firozabad News
Firozabad News: शिकोहाबाद तहसील क्षेत्र के नीम खेरिया गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर मतदान केंद्रों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि नीम खेरिया और नगला कन्हीं के पोलिंग बूथ पूर्व की तरह अलग-अलग बनाए रखे जाएं।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा पोलिंग बूथ को लेकर गलत और भ्रामक जानकारी दी जा रही है। इसी को लेकर उन्होंने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर स्थिति स्पष्ट करने और वर्तमान व्यवस्था को बनाए रखने की मांग की।ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2015 में ग्राम पंचायत नीम खेरिया को ग्राम पंचायत छीछामई से अलग कर नई ग्राम पंचायत बनाई गई थी, जिसमें मजरा नगला कन्हीं को भी शामिल किया गया था।
वर्तमान में ग्राम नीम खेरिया में 781 मतदाता हैं, जबकि नगला कन्हीं में 271 मतदाता हैं। दोनों गांवों में कुल मतदाताओं की संख्या 1052 है।ग्रामीणों के अनुसार, नीम खेरिया में रेलवे लाइन और मतदान केंद्र की दूरी को देखते हुए जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिए गए थे। इसके बाद अधिकारियों ने भौतिक सत्यापन कर दोनों गांवों के लिए अलग-अलग मतदान केंद्र निर्धारित किए थे।इसके तहत प्राथमिक विद्यालय नीम खेरिया नगला कन्हीं में मतदान केंद्र संख्या-20 के मतदान स्थल संख्या-35 को 271 मतदाताओं के लिए बनाया गया है। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय नीम खेरिया में मतदान केंद्र संख्या-21 के मतदान स्थल संख्या-36 को 781 मतदाताओं के लिए निर्धारित किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह व्यवस्था लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि 10 जून को प्रकाशित अंतिम सूची के अनुसार ही मतदान केंद्रों की व्यवस्था को बरकरार रखा जाए।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान नगला कन्हीं के मतदान स्थल को नीम खेरिया में स्थानांतरित कराने का प्रयास कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।ज्ञापन सौंपने वालों में राधाकृष्ण, धर्मेंद्र कुमार, पप्पू, मोहित, बंटी, रामू, अमन कुमार, राजेश, रमेश, रामवीर सिंह, विकास, मुकेश, अतर सिंह, वीरेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह और विनोद कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।