Firozabad News: शटरिंग लगाते समय मजदूर को लगा 11 हजार वोल्ट का करंट, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
Firozabad News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्वामी नगर में निर्माणाधीन मकान में शटरिंग लगाते समय मजदूर करंट की चपेट में आ गया। हादसे में 42 वर्षीय मजदूर सोपाली प्रजापति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Firozabad News
Firozabad News: शिकोहाबाद के स्वामी नगर में एक निर्माणाधीन मकान में शटरिंग लगाने के दौरान एक मजदूर करंट की चपेट में आ गया। हादसे में मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद साथी मजदूर और ठेकेदार उसे बचाने की उम्मीद में तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजन रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, स्वामी नगर में एक दारोगा का मकान निर्माणाधीन है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे मकान की दूसरी मंजिल पर शटरिंग लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक मजदूर करंट की चपेट में आ गया और वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।ठेकेदार कल्लू ने बताया कि शटरिंग के काम में मोहनीपुर, मक्खनपुर के मजदूर लगे हुए थे। बुधवार सुबह सोपाली प्रजापति (42) पुत्र राधेश्याम भी अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। काम के दौरान उसने मकान की दूसरी मंजिल के जीने के पास से गुजर रही बिजली की केबल को ऊपर की ओर खींचा, जो ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गई।
बिजली के तार के संपर्क में आते ही सोपाली को तेज करंट लगा और वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। हादसा होते ही मौके पर मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर और ठेकेदार आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक सोपाली प्रजापति के दो बेटे प्रशांत और शिवम हैं। पत्नी रूपादेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।