Firozabad: पति ने सोशल मीडिया पर डाला 'पिंडदान' वीडियो, पत्नी ने लगाया प्रताड़ना और धमकी का आरोप
Firozabad News फिरोजाबाद की महिला ने पति व ससुराल पक्ष पर मारपीट और धमकी के आरोप लगाए, पुलिस से एफआईआर व सुरक्षा की मांग की।
Firozabad News: फिरोजाबाद में एक महिला ने अपने ही पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। इतना ही नहीं, पति ने सोशल मीडिया पर उसका "पिंडदान" किए जाने का वीडियो भी साझा कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाना लाइनपार पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
थाना लाइनपार क्षेत्र के नगला विष्णु निवासी दीपा स्वर्णकार ने थाना प्रभारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी शादी वर्ष 2014 में जितेंद्र प्रकाश से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, ननद, देवर और सास द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।महिला का आरोप है कि 30 जुलाई को उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसने कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई। पीड़िता का कहना है कि उसके पास जान से मारने की धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 2 अगस्त को उसके पति ने उसका "जीते जी पिंडदान" करने का वीडियो अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने कहा कि वह उसके लिए मर चुकी है और अब उसके साथ नहीं रहेगा।महिला ने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और इस पूरे घटनाक्रम से वह तथा उसके बच्चे मानसिक तनाव में हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।