UP News: नहीं रहे सपा के ये दिग्गज नेता, समाजवादी पार्टी में शोक की लहर

UP News: सीतापुर की बिसवां विधानसभा सीट से सपा के पूर्व विधायक रामपाल यादव का निधन हो गया। उन्होंने सोमवार रात करीब 1:45 बजे लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली

Update: 2023-08-29 03:50 GMT
अखिलेश यादव के साथ पूर्व विधायक रामपाल यादव ( सोशल मीडिया)

UP News: सीतापुर की बिसवां विधानसभा सीट से सपा के पूर्व विधायक रामपाल यादव का निधन हो गया। उन्होंने सोमवार रात करीब 1:45 बजे लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। रामपाल यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे, उन्हे बीमारी के चलते 15 दिन पहले मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके निधन की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं सहित सीतापुर जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।

सपा ने पूर्व विधायक को दी श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी ने पूर्व विधायक रामपाल यादव के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदाएं व्यक्त की है। सपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा गया कि सीतापुर की बिसवां विधानसभा सीट से सपा के विधायक रहे रामपाल यादव का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना। भावभीनी श्रद्धांजलि!

जानें रामपाल यादव के राजनीति सफर के बारे में

जानकारी के मुताबिक रामपाल यादव 2002 और 2012 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। रामपाल यादव ने समाजवादी पार्टी से राजनीति शुरू की थी। वर्ष 2002 में वह बिसवां विधानसभा से विधायक बने थे। रामपाल यादव को सपा के मुखिया रहे पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव का करीबी माना जाता था। अखिलेश के नेतृत्व वाली सरकार में उनका जलवा कायम रहा था। अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच दूरियां बढ़ने पर रामपाल यादव ने जुलाई 2021 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। हालांकि फरवरी 2023 में उन्होने घर वापसी करते हुए सपा का दामन थाम लिया था।

Tags:    

Similar News