Gonda News: भाजपा नेता ने पार्टी विधायक के बहनोई को पीटा, फॉरच्यूनर से कुचलने का प्रयास

Gonda News: इस मामले में नगर कोतवाल मनोज पाठक ने बताया कि मामले की जानकारी है। तहरीर मिली है। एफआईआर दर्ज की जा रही है। मामले में पूछ ताछ की जा रही है। जल्द आरोपितों को पकड़ लिया जायेगा।

Update:2024-09-23 22:15 IST

Gonda News

Gonda News: यूपी के गोंडा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। हालत यह है कि दबंगों पर कानून और पुलिस का भय लगभग नही रहा है। इसी कड़ी में नगर कोतवाली के टॉमसन चौराहे के पास भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी के बहनोई व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश पांडेय की पिटाई के मामले में आज एफआईआर दर्ज हुई है। बताया गया है कि नाला निर्माण के विवाद में भाजपा नेता उदय पांडेय व उनके बेटे, गनर समेत सात लोगों पर पिटाई कर फॉरच्यूनर से कुचलने के प्रयास का आरोप है। मारपीट में राजेश पांडेय और उनके बेटे आयुष को चोटें आई हैं। पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकीनगर निवासी राजेश पांडेय ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है कि वह रविवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे टॉमसन चौराहे पर खड़े थे। उसी समय उन्हीं के गांव के उदय पांडेय, उनके बेटे नितिन पांडेय अपने निजी गनर के साथ पहुंचे। उनके साथ चार और लोग भी थे। एक नाला निर्माण के विवाद की रंजिश में उन्होंने गाली देना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि उन्होंने गाली देने से मना किया तो उन्होंने अपने गनर को इशारा कर दिया, जिसने पीछे से उनके बाल पकड़ लिये और हाथ में लिए रिपीटर से पिटाई शुरू कर दी। साथ ही उन्होंने अपनी फॉरच्यूनर से कुचलने का प्रयास किया। हालांकि वह कुचलने से बच गए।

उधर विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचे उनके बेटे आयुष के पैर पर गाड़ी चढ़ गई। इसके बाद मौके से सभी लोग फरार हो गए। शिक्षक नेता ने भाजपा नेता से जान को खतरा बताया। इस मामले में नगर कोतवाल मनोज पाठक ने बताया कि मामले की जानकारी है। तहरीर मिली है। एफआईआर दर्ज की जा रही है। मामले में पूछ ताछ की जा रही है। जल्द आरोपितों को पकड़ लिया जायेगा।

उधर इस सूचना के मिलते ही भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी सीधे गोंडा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे। जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। उन्होंने शिक्षक नेता राजेश पांडेय व आयुष को आकस्मिक उपचार दिलाया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से वार्ता कर उन्हें मामले की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर नगर कोतवाल मनोज कुमार पाठक ने पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। विधायक विनय द्विवेदी ने कहा कि सरेआम इस तरह सड़क पर गुंडई की जा रही है। उन्होंने आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी और उन पर गैंगस्टर लगाने की मांग की।

इधर विधानसभा मेहनौन विधायक के बहनोई की पिटाई करने में आरोपित उदय पांडेय की फॉरच्यूनर में मिशन मेहनौन-2027 का पोस्टर लगा था। बताया जा रहा है कि भाजपा के सदस्यता अभियान में उदय जुटे हैं और विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। पूरे विवाद के पीछे यह भी एक कारण बताया जा रहा है। एक गांव के उदय और राजेश रहने वाले हैं, राजेश पांडेय अपने रिश्तेदार विधायक के क्षेत्र में उदय की तैयारी से नाराज भी हैं। हालांकि एफआईआर में नाला निर्माण दर्शाया गया है।

Tags:    

Similar News