Gonda News: गर्मी का सितम जारी,अघोषित कटौती और फॉल्ट से लोग परेशान

Gonda News: प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी है। अघोषित कटौती और बिजली खराबी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

Update: 2024-05-26 14:36 GMT

Gonda News (Pic: Social Media)

Gonda News: शरीर झुलसा देने वाली गर्मी से अभी राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। रविवार को आज के दिनों में सालों बाद तापमान ने 43 डिग्री के आंकड़े को छू लिया। रविवार को सुबह से ही कड़ी धूप ने परेशान किया। गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को चुभ रहे थे। तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बस स्टेशन पर यात्री न के बराबर रहे। मौसम विभाग के अनुसार कि पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा तो गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन अभी इसके लिए इंतजार करना होगा। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान ने कई साल का रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। आगामी दिनों में तापमान 46 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है।

सुबह से ही बढ़ा तापमान

रविवार को सुबह नौ बजे से ही तीखी धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। दोपहर को वही लोग बाहर निकल रहे हैं, जिन्हें जरूरी काम है। गर्मी के कारण सुबह 10 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा दिखने लगा। राहगीरों को तीखी धूप से बचने के लिए गमछे का सहारा लेना पड़ रहा है। जो लोग बाहर निकल रहे हैं वो तीखी धूप से बचने के लिए छांव ढूंढते फिर रहे हैं। शहर और कस्बा व गांव के मुख्य बाजार में दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। कड़ी धूप के साथ ही दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा के थपेड़ों से भी लोग परेशान रहे।

बिजली कटौती ने बढ़ाई दिक्कत

भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती के साथ ही फॉल्ट ने उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ा दी। लापरवाही का आलम यह है कि सुचारू बिजली आपूर्ति तो दूर जेई और एसडीओ फोन तक नहीं उठा रहे हैं। फुंके ट्रांसफार्मर दो-दो दिन तक बदले नहीं जा रहे हैं। इससे जिले के लाखों उपभोक्ता परेशान हैं। धानेपुर बाजार में शुक्रवार रात नौ बजे 33 केवीए की भूमिगत बिजली लाइन में फाल्ट आ गया। इससे मेहनौन व उसके आसपास के दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। शनिवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। धानेपुर में शुक्रवार दोपहर बाद से लगातार रोस्टिंग जारी है। वहीं, नगर पंचायत धानेपुर में वार्ड छह व सात में केबिल जलने से इलाके की बिजली गुल हो गई।

फाल्ट से परेशान लोग

इटियाथोक इलाके में बलरामपुर फीडर बिसुही पुल के पास शुक्रवार रात केबिल जलने से इटियाथोक बाजार और खरगूपुर इलाके में लो वोल्टेज की समस्याए रहीं। इसी तरह से मसनकवा, बालपुर बाजार, कटराबाजार, भंभुआ और तरबगंज इलाके में लो वोल्टेज व जगह-जगह जर्जर लाइनों में फाल्ट से बिजली उपभोक्ता परेशान हैं। विद्युत उपकेंद्र शुक्लगंज (बेलसर) से रगड़गंज कस्बा, उमरीबेगमगंज, नगर पंचायत क्षेत्र बेलसर, नीरपुर, अभईपुर, नरदा, मंगुरा, खजुरी, कपनी गोपीपुर, बक्सैला, पांडेय पुरवा और मछरहिया में हर आधे घंटे में बिजली की आवाजाही लगी है।

व्यवस्था सुधारने में लगे अधिकारी

मंगुराबाजार निवासी रेनू ने बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे से लाइट कट गई थी। सुबह आठ बजे लाइट आई लेकिन लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। वही अधीक्षण अभियंता आशीष ने बताया कि जमुनही हरदोपट्टी में जल्द ट्रांसफार्मर बदला जाएगा। फाल्ट व रोस्टिंग की लगातार शिकायतें आ रही हैं। तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। फोन उठाने व बंद रखने समेत अन्य शिकायतें आ रही हैं। लापरवाहों को चिह्नित किया जा रहा है। व्यवस्था पटरी पर रहे, इसके लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News