Gonda News: मुख्यमंत्री से मिलकर तरबगंज विधायक ने बाढ़ पीड़ितों की बताई समस्याएं, स्थाई बाढ़ केन्द्र स्थापित करने की मांग

Gonda News: तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने तरबगंज व करनैलगंज तहसील में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे पीड़ितों की परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।

Update:2024-09-19 20:21 IST

तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने बाढ़ की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की: Photo- Newstrack

Gonda News: गोंडा जनपद के तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने तरबगंज व करनैलगंज तहसील में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे पीड़ितों की परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। विधायक ने सीएम को बाढ़ के वास्तविक हालात से अवगत कराया और उन्हे पीडितों की परेशानियों को बताईं‌। विधायक ने बाढ़ पीडितों को मुआवजा दिलाने, राहत‌ सामग्री का वितरण करने, बाढ से कट चुके संपर्क मार्गों का स्थलीय परीक्षण कराकर विशेष मरम्मत कराने तथा बाढ क्षेत्र में स्थाई बाढ़ राहत केंद्र की स्थापना कराए जाने की सीएम से मांग की है।

विधायक ने बताया है कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर त्वरित कार्रवाई के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने लिखा है कि तरबगंज का लगभग एक तिहाई भाग बाढ़ के भीषण प्रकोप से प्रभावित है।


श्री पाण्डेय ने बताया कि लोग अपने घरों की छतों पर रहने को मजबूर हैं। जिनके पास छत नहीं है ऐसे लोग मजबूरन घर से पलायन कर तट बंधों पर रह रहे हैं। बताया है कि बाढ़ प्रभावित ग्रामपंचायतों के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस कारण यह सभी लोग पूरी तरह से सरकार से मिलने वाली सहायता पर निर्भर हो गये हैं। बताया है कि लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते बाढ़ की स्थिति और विकराल होने की प्रबल सम्भावना है।

विधायक ने बताया है कि विधानसभा क्षेत्र की सोनौली मोहम्मदपुर, गढ़ी, जबरनगर, परासपुरवार, परासमझवार, अमौठी, बहादुरपुर, कड़ौरा, गभौरा, ब्यौंदामाझा, ब्यौदा उपरहर, वनगांव, चन्दसुहा, रांगी, गोकुला, ऐली परसौली,दत्तनगर, साखीपुर, चौखड़िया, नकहरा जैसे ग्राम पंचायतों के सभी मजरे व ग्राम पंचायत बीकापुर, गोपसराय, शीशव, असरथा, धनौली, चिवरहा, अमदही,सेमरा शेखपुर, घांचा ,सेमरी आदि ग्रामपंचायतों के आंशिक मजरे बाढ़ में डूब गये हैं। इन सभी ग्रामपंचायतों की सड़के लगभग कट गई है तथा पुलिया तेज प्रवाह के कारण बह गयी है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सड़कें कट गयी हैं 

जनप्रतिनिधि ने बताया कि लगातार बढ़ते हुए जलस्तर के कारण स्थिति और भी भयावह होती जा रही है। इन परिस्थितियों में बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित कर उनके जीवन यापन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराते हुए इन लोगों को बाहर निकालने तथा राहत सामग्री पहुँचाना बेहद जरूरी हो गया है लेकिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सड़कें कट गयी है व पुलिया तेज प्रवाह के कारण बह गयी है।

लगातार बढ़ते हुए जलस्तर के कारण स्थिति और ज्यादा डरावना होती जा रही है। साथ ही कई ग्राम पंचायतों का सम्पर्क टूट गया है। जलस्तर घटने के बाद सड़कों की स्थिति बद से बदतर हो जायेगी। साथ ही बाढ़ में सड़कों के कट जाने व अत्यधिक जलभराव के कारण लोगों तक राहत सामग्री पहुँचाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।‌ विधायक ने बाढ पीडितों को तत्काल उनके नुकसान का मुआवजा दिलाने, टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाने की अनुमति देने व बाढ़ क्षेत्र में स्थायी बाढ़ राहत केंद्र की स्थापना की मांग की है। विधायक के मांगपत्र पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई अमल में लाने का निर्देश दिया है। तरबगंज विधायक के साथ इस दौरान गौरा विधायक प्रभात वर्मा भी मौजूद रहे हैं।

बता दें कि जिले में सरयू नदी के पानी का फैलाव तेजी से गांवों में हो रहा है। इससे लगभग चार दर्जन गांव बाढ़ से घिरे हैं। गांवों में पानी का फैलाव होने से नदी का जलस्तर तो घट रहा है, लेकिन खेतों में कटान तेजी से हो रहा है। करनैलगंज तहसील के तटवर्ती गांवों में करीब सौ बीघे जमीन कटकर नदी में समा गई। वहीं तरबगंज तहसील के ऐली परसौली बिहारीपुरवा में तीन पक्के मकान कटकर नदी में समा गए। प्रशासन ने बाढ़ से प्रभावित होने वाले 82 परिषदीय स्कूलों को चिन्हित किया है। जिन्हें दूसरे स्कूलों में संचालित करने की तैयारी की जा रही है।

Tags:    

Similar News