Gorakhpur: नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा की बल्ले-बल्ले, 12 में 10 पद जीते, सपा दो पर सिमटी

Gorakhpur: गोरखपुर नगर निगम कार्यकारिणी के लिए छह नए सदस्यों का चुनाव बुधवार को संपन्न हुआ। चुनाव में छह में पांच सदस्य भाजपा के तो एक सदस्य सपा के जीते।

Update: 2024-08-14 12:07 GMT

नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा की बल्ले-बल्ले (न्यूजट्रैक)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर नगर निगम कार्यकारिणी के लिए छह नए सदस्यों का चुनाव बुधवार को संपन्न हुआ। चुनाव में छह में पांच सदस्य भाजपा के तो एक सदस्य सपा के जीते। 12 सदस्यों वाली कार्यकारिणी में अब भाजपा के पास 10 और सपा के पास सिर्फ दो सदस्य रह गए हैं। जीतने वाले भाजपा पार्षदों में ऋषि मोहन वर्मा, श्रवण पटेल, छोटे लाल गुप्ता, सरोज पासवान, पवन त्रिपाठी शामिल हैं। वहीं सपा की तरफ से रमेश यादव कार्यकारिणी में जाने में सफल हुए हैं।

कार्यकारिणी चुनाव को लेकर वोटिंग से बचने के लिए सभी दलों में सहमति दिखी। सपा के पास 18 सदस्य थे तो भाजपा के पास 56। एक पद के लिए 13 सदस्यों के वोट की जरूरत थी। ऐसे में आपसी समझौते से भाजपा पांच और सपा एक पद पर पर्चा दाखिला को राजी हो गई। महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी है।

12 सदस्यों वाली कार्यकारिणी में छह सदस्य पिछले दिनों लाटरी के जरिये बाहर हो गए थे। बाहर होने वालों में पांच भाजपा और एक सपा से थे। भाजपा से देवेन्द्र गौड़ पिंटू, रणंजय सिंह जुगनू, मनु जायसवाल, विश्वजीत त्रिपाठी, आनंद वर्धन तो सपा के विजेन्द्र अग्रहरि लाटरी के जरिये बाहर हो चुके हैं। फिलहाल कार्यकारिणी में उपसभापति धर्मदेव चौहान, अजय राय, मनोज निषाद, अजय ओझा, रविंद्र सिंह सैंथवार भाजपा से तो सपा से जुबेर अंसारी बचे हुए हैं। कार्यकारिणी चुनाव में एक पद पर जीत के लिए 13 से 14 सदस्यों का समर्थन चाहिए था। भाजपा के पास खुद के साथ निर्दलियों को मिलाकर 56 के समर्थन की बात कही जा रही थी। ऐसे में वह चार से पांच पदों पर दावेदारी करने की स्थिति में थे।

मुख्यमंत्री हैं पदेन वोटर

कार्यकारिणी चुनाव में आठ पदेन सदस्य भी वोट दे सकते हैं। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल, सांसद रवि किशन, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह, एमएलसी डॉ.धर्मेन्द्र सिंह, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, पिपराइच विधायक महेन्द्र पाल सिंह शामिल हैं।

Tags:    

Similar News