Gorakhpur News: रोडवेज की कबाड़ बसें पिंक टायलेट में होंगी तब्दील, मिलेगी मोबाइल कैफे की भी सुविधा
Gorakhpur News: नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि नगर निगम कंडम बसों की खरीदारी कर दो मोबाइल पिंक टॉयलेट विथ कैफे तैयार कर रहा है।;
रोडवेज बस (Newstrack)
Gorakhpur News: परिवहन निगम की कबाड़ बसों की नीलामी के बाद यह लोहे की कीमत पर नहीं बिकेंगी। गोरखपुर नगर निगम इसका उपयोग पिंक टायलेट और मोबाइल कैफे के रूप में करेगा। इस पहल को हकीकत में बदलने के लिए नगर निगम ने रोडवेज से दो कबाड़ बसों की खरीद की है। इसे महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है। जल्द ही इन पिंक टायलेट को सार्वजनिक स्थानों पर शिफ्ट किया जा सकेगा।
‘मोबाइल पिंक टॉयलेट विद कैफे’ के लिए कबाड़ बसों को मोडिफाई कर पिंक टॉयलेट एवं कैफे में तब्दील करने का काम पुणे में किया जा रहा है। उप नगर आयुक्त एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी के मुताबिक, इंडियन एवं वेस्टर्न स्टाइल के टॉयलेट की सुविधा रहेगी। बस में पीछे की तरफ कैफे होगा। जहां फास्ट फूड के साथ कॉफी, दूध, बिस्किट और खाने-पीने की अन्य सामग्री मिलेगी। महिलाओं के ज्यादा आवागमन को देखते हुए बसों को इंदिरा बाल विहार और नौका विहार पर खड़ा किया जाएगा। किसी बड़े प्रोग्राम के समय इसे कार्यक्रम स्थल के बाहर भी खड़ा किया जाएगा। मोबाइल पिंक टॉयलेट विथ कैफे के संचालन का जिम्मा डूडा में पंजीकृत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया जाएगा। जिससे समूह की महिलाएं सशक्त हों। साथ ही महिलाओं को सुविधा का इस्तेमाल करने में कोई संकोच न हो। साफ-सफाई बेहतर होगी। नगर निगम प्रशासन उनके हर एक शंकाओं का समाधान करेगा।
स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में रैंकिंग सुधार में भी अहम
उप नगर आयुक्त ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन की कबाड़ से जुगाड़ थीम पर यह नवाचार किया जा रहा है। नगर निगम को इससे स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में अंक अर्जित करने में लाभ मिलेगा। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि नगर निगम कंडम बसों की खरीदारी कर दो मोबाइल पिंक टॉयलेट विथ कैफे तैयार कर रहा है। इसका इस्तेमाल सिर्फ महिलाएं कर सकेंगी। पूणे में नवीकरण का काम लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही बसें गोरखपुर में सार्वजनिक स्थानों पर रखी जाएंगी।