Hapur News: अभद्रता पर पुलिस का बड़ा एक्शन, महिला शिक्षिका को ‘फर्जी’ बताने वाले दो युवक गिरफ्तार

Hapur News: हापुड़ में जनगणना टीम के साथ अभद्रता और महिला शिक्षिका को फर्जी बताने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-25 12:29 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ कस्बे में जनगणना कार्य के दौरान सरकारी ड्यूटी निभा रही एक महिला शिक्षिका के साथ अभद्रता का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। यहां जनगणना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी अभियान के दौरान हुई इस घटना ने न केवल स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया, बल्कि क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घर-घर जाकर जनगणना का कार्य कर रही थीं शिक्षिका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वहितैषी एएस इंटर कॉलेज भदस्याना में तैनात अध्यापिका मनीषा शर्मा को जनगणना कार्य के लिए नियुक्त किया गया था। सोमवार को वह बहादुरगढ़ कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से आवश्यक जानकारी एकत्र कर रही थीं। जनगणना कार्य के तहत उन्हें परिवारों की संख्या, सदस्यों की जानकारी और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करने थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिक्षिका अपने निर्धारित कार्य में व्यस्त थीं और लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटा रही थीं, इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उनकी पहचान को लेकर सवाल उठाने लगे।

‘आप फर्जी हो’ कहकर शुरू किया विवाद

बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने महिला शिक्षिका को जनगणना कर्मचारी मानने से इनकार कर दिया और कथित रूप से उन्हें "फर्जी" बताने लगे। आरोप है कि युवकों ने शिक्षिका से अभद्र भाषा में बातचीत की और बार-बार उनकी पहचान पर सवाल खड़े किए। शिक्षिका ने उन्हें अपनी ड्यूटी और नियुक्ति के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद दोनों युवक शांत नहीं हुए। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया और ऐसा माहौल बना दिया जिससे जनगणना का कार्य प्रभावित होने लगा।

महिला शिक्षिका ने पुलिस को दी सूचना

वहीं जब स्थिति अधिक तनावपूर्ण हो गई और सरकारी कार्य प्रभावित होने लगा, तब महिला अध्यापिका ने पूरे मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और शिकायत के आधार पर आरोपितों की पहचान शुरू कर दी।

कुछ ही समय में पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपित

यहां बहादुरगढ़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक पुत्र जगदीश,सोनू पुत्र राजवीर निवासी कस्बा बहादुरगढ़, थाना बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच भी जारी है।

क्या बोले थाना प्रभारी?

वहीं थाना बहादुरगढ़ प्रभारी इंद्रकांत यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, जनगणना कार्य कर रही महिला अध्यापिका द्वारा शिकायत दी गई थी कि दो व्यक्तियों ने उनके साथ अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। उन्होंने कहा, "महिला अध्यापिका की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। दोनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता, धमकी या सरकारी कार्य में व्यवधान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी।"

Tags:    

Similar News