Hapur News: चलती कार बनी आग का गोला! NH-9 पर मची चीख-पुकार, बाल-बाल बचे सवार
Hapur News: हापुड़ में NH-9 पर चलती SUV अचानक आग का गोला बन गई। कार में सवार लोगों ने कूदकर बचाई जान। देखते ही देखते धू-धू कर जली गाड़ी, मौके पर मची अफरा-तफरी।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे-9 पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां दिल्ली की ओर दौड़ रही एक SUV अचानक आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते सड़क पर चलते वाहन ने आग के गोले का रूप ले लिया। हाईवे पर उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से सभी सवार सुरक्षित बच गए।
इंजन से उठा धुआं और कुछ ही मिनटों में जलने लगी पूरी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काशीपुर से दिल्ली जा रही निसान टेरैनो कार जब पिलखुआ क्षेत्र के निजामपुर स्थित शिवा ढाबा के सामने पहुंची, तभी अचानक उसके इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। पहले चालक को मामूली तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ, लेकिन कुछ ही क्षणों में धुआं आग की लपटों में बदल गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोका और उसमें सवार सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते लाखों रुपये कीमत की SUV धू-धू कर जलने लगी।
हाईवे पर रुक गए वाहन, लोगों ने बनाया वीडियो
वहीं कार में लगी भीषण आग को देखकर हाईवे से गुजर रहे कई वाहन चालक अपने वाहन रोककर मौके पर जुट गए। कुछ लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दूर से ही काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।
दमकल की दो यूनिटों ने पाया आग पर काबू
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र पिलखुआ से लीडिंग फायरमैन संजीव कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर स्टेशन हापुड़ से भी अतिरिक्त फायर यूनिट रवाना की गई। दोनों टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जिसके बाद काफी मशक्कत के उपरांत दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझा दिया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था और उसमें रखा अधिकांश सामान भी नष्ट हो गया।
काशीपुर से दिल्ली जा रहे थे कारोबारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK-18E-2042 के स्वामी चिराग अग्रवाल पुत्र विश्वनाथ अग्रवाल, निवासी अलीगंज रोड, सेंट मैरी स्कूल के निकट, काशीपुर (उत्तराखंड) हैं। वह अपनी कंपनी पशुपति लैमिनेट के कार्य से दिल्ली जा रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना हो गई।
CFO ने बताया आग लगने का संभावित कारण
वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हापुड़ और पिलखुआ की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया था। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित कर लिया और उसे आसपास फैलने से रोक दिया। उन्होंने बताया कि, प्रारंभिक जांच में वाहन के इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना सामने आ रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
एक पल की सतर्कता ने बचा दी कई जिंदगियां
जिसके बाद ऐसा माना जा रहा है कि, यदि चालक समय रहते वाहन नहीं रोकता और सभी लोगों को बाहर नहीं निकालता, तो यह हादसा किसी बड़ी त्रासदी में बदल सकता था। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वहीं अग्निशमन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी यात्रा से पहले वाहन की सर्विस और तकनीकी जांच अवश्य कराएं। इंजन से धुआं, जलने की गंध या किसी भी प्रकार की असामान्य आवाज आने पर तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और फायर सर्विस को सूचना दें।