Hapur News: छिजारसी टोल पर बड़ा खुलासा, मैगी-बिस्किट की आड़ में 18 लाख की शराब बरामद, दो गिरफ्तार
Hapur News: हापुड़ के छिजारसी टोल प्लाजा पर पुलिस ने मैगी और बिस्किट के कार्टनों के पीछे छिपाकर ले जाई जा रही हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पिलखुवा पुलिस ने छिजारसी टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान एक ऐसे कैंटर को पकड़ा, जिसमें बेहद शातिर तरीके से गोपनीय केबिन बनाकर हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप छिपाई गई थी। शराब को मैगी और बिस्किट के कार्टनों के पीछे छिपाकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में खपाने की तैयारी थी।पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए करीब 250 पेटियों में भरी 1800 बोतल और 2400 अद्धे अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
छिजारसी टोल पर चेकिंग देख घबराया चालक, अचानक पीछे करने लगा वाहन
पुलिस के अनुसार छिजारसी टोल प्लाजा के निकट शिवा ढाबा के पास नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टोल की तरफ से एक कैंटर हापुड़ की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही चालक ने वाहन रोक दिया और अचानक उसे पीछे करने लगा।वाहन चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम तुरंत कैंटर की ओर बढ़ी, लेकिन चालक ने तेज गति से वाहन दौड़ा दिया और मौके से फरार होने का प्रयास किया।कैंटर के भागने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी वाहन से उसका पीछा शुरू कर दिया। करीब कुछ किलोमीटर पीछा करने के बाद पिलखुवा फ्लाईओवर से लगभग 50 मीटर पहले पुलिस ने अपनी गाड़ी कैंटर के आगे लगाकर उसे रोक लिया।इसके बाद दोनों ओर से घेराबंदी कर चालक और उसके हेल्पर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर जांच शुरू की गई।
बिहार के रहने वाले निकले दोनों आरोपी
पूछताछ में चालक ने अपना नाम छोटन साहनी पुत्र फकीरा साहनी निवासी तरौरा गोपालपुर थाना मुसहडी जनपद मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। जबकि हेल्पर ने अपना नाम नीरज कुमार पुत्र नंद किशोर साहनी निवासी बसन्ता थाना लालगंज जनपद वैशाली (बिहार) बताया।तलाशी के दौरान चालक के पास से 10 हजार रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि हेल्पर के पास से एक वीवो मोबाइल फोन मिला। दोनों मोबाइल फोन स्विच ऑफ पाए गए।
मैगी और बिस्किट के कार्टनों के पीछे बनाया गया था गुप्त केबिन
जब पुलिस ने कैंटर की बाड़ी खोलकर जांच की तो उसमें बड़ी संख्या में मैगी और बिस्किट के कार्टन रखे मिले। पहली नजर में वाहन एक सामान्य मालवाहक वाहन दिखाई दे रहा था।लेकिन पुलिस को शक होने पर कार्टनों को हटाया गया। जांच में सामने आया कि वाहन के भीतर विशेष रूप से एक गोपनीय केबिन तैयार किया गया था। इस केबिन के पीछे बड़ी संख्या में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सामने की तरफ खाद्य सामग्री और पीछे शराब छिपाने का पूरा इंतजाम किया हुआ था।
250 पेटियों में भरी मिली हरियाणा मार्का शराब
गुप्त केबिन से बरामद पेटियों की जांच में सामने आया कि सभी पर "ROYAL STAG PREMIER WHISKY FOR SALE IN HARYANA ONLY" अंकित था।पुलिस जांच में पता चला कि 150 पेटियों में 12-12 बोतल के हिसाब से कुल 1800 बोतल अंग्रेजी शराब थी।100 पेटियों में 24-24 अद्धे के हिसाब से कुल 2400 अद्धे शराब बरामद हुए।शराब की बोतलों और अद्धों पर एमआरपी अंकित नहीं थी।शराब केवल हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए अधिकृत थी।
पूछताछ में तस्करों ने खोला पूरा नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने शराब की खेप हरियाणा के फरीदाबाद से लोड कराई थी। उनका उद्देश्य इसे पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाना था।आरोपियों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां अवैध शराब की भारी मांग रहती है। इसी का फायदा उठाकर वे लंबे समय से इस तरह की तस्करी कर रहे थे।उन्होंने यह भी स्वीकार किया। कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए कैंटर में विशेष गुप्त केबिन बनवाया गया था, जिसके आगे मैगी और बिस्किट के कार्टन रख दिए जाते थे।
रास्ते में भी बेच दी थी कुछ शराब
पूछताछ में आरोपियों ने एक और बड़ा खुलासा किया।उन्होंने बताया कि रास्ते में खर्चा खत्म होने पर एक ढाबे के पास कुछ पेटियां शराब अज्ञात व्यक्तियों को बेच दी गई थीं।उनके पास से बरामद 10 हजार रुपये उसी बिक्री से प्राप्त रकम बताई जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी न केवल अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे, बल्कि बिना एमआरपी अंकित शराब को मनमाने दामों पर बेचकर उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी भी करने की तैयारी में थे।इस तरह की गतिविधियों से उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचता है।
पिलखुवा थाना प्रभारी का बयान
पिलखुवा थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि छिजारसी टोल प्लाजा के पास नियमित चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध कैंटर को रोका गया था। पुलिस टीम को देखकर चालक वाहन को पीछे करने लगा और फिर तेज गति से फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर उसे पिलखुवा फ्लाईओवर के निकट रोक लिया।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कैंटर में मैगी और बिस्किट के कार्टनों के पीछे विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त केबिन मिला, जिसमें हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। बरामद शराब में 1800 बोतल और 2400 अद्धे रॉयल स्टैग प्रीमियम व्हिस्की शामिल हैं, जिन पर "फॉर सेल इन हरियाणा ओनली" अंकित था।