Hapur News: गंगा दशहरा मेले में उमड़ा आस्था का महासागर, नाव से सभी घाटों का किया निरीक्षण
Hapur News: हापुड़ में गंगा दशहरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए नाव से सभी घाटों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: ज्येष्ठ गंगा दशहरा-2026 के अवसर पर गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां गंगा में स्नान के लिए दूर-दराज के जिलों और राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) ने ब्रजघाट पहुंचकर व्यापक निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गार्द सलामी के बाद शुरू किया निरीक्षण अभियान
ब्रजघाट पहुंचने पर अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन को पुलिस बल द्वारा गार्द सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक हापुड़, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी हापुड़ नगर समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
बैरिकेडिंग, स्नान घाट और सीसीटीवी कैमरों की जांच
निरीक्षण के दौरान ADG ने मेला क्षेत्र में की गई बैरिकेडिंग, स्नान घाटों पर सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था और कंट्रोल सिस्टम की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नाव से सभी घाटों का किया निरीक्षण
विशेष निरीक्षण अभियान के तहत अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों के साथ नाव द्वारा गंगा नदी में भ्रमण किया और ब्रजघाट के सभी प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान जल पुलिस, गोताखोरों और आपदा राहत टीमों की तैयारियों को भी परखा गया। घाटों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।नाव से निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी किनारे स्थित संवेदनशील स्थानों, स्नान स्थलों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
मेरठ एडीजी ने क्या कहा?
भानु भास्कर ने कहा कि "गंगा दशहरा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्रजघाट मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन, जल पुलिस, गोताखोर और अन्य सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और लगातार गश्त के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में मां गंगा के दर्शन और स्नान कर सके।"उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रोन और सीसीटीवी से हुई हाईटेक निगरानी
ब्रजघाट मेला क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का भी व्यापक उपयोग किया गया। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मेले की निगरानी की गई। कंट्रोल रूम से लगातार हर गतिविधि पर नजर रखी गई, जिससे किसी भी संभावित घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर ब्रजघाट, गंगा ग्राम पुष्पावती पूठ और लठीरा के गंगा तटों पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दिनभर घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, लेकिन पुलिस और प्रशासन की प्रभावी व्यवस्थाओं के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी स्नान घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए।बैरिकेडिंग व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जाए।सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग में किसी प्रकार की ढिलाई न हो।नाव और जल पुलिस की गश्त लगातार जारी रहे।भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैयार रखा जाए।किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।