Hapur News: वैष्णो देवी जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस को कैंटर ने मारी टक्कर, मची चीख-पुकार, चार घायल
Hapur News: हापुड़ में वैष्णो देवी जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस को कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चार लोग घायल हुए हैं।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में सोमवार तड़के बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वैष्णो देवी दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस को पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इमटोरी कोल्ड स्टोर के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 3 बजे बुलंदशहर से हापुड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर ग्राम इमटोरी स्थित कोल्ड स्टोर के निकट बस संख्या UP 85 FT 7473 गुजर रही थी। बस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवार थे, जो फिरोजाबाद से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे।इसी दौरान पीछे से आ रहे कैंटर संख्या UP 85 GT 2169 ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए।
कैंटर चालक समेत चार लोग घायल
हादसे में कैंटर चालक सोनू पुत्र हरपाल सिंह निवासी मथुरा घायल हो गया। इसके अलावा बस में सवार सुखवीर पुत्र दाताराम (55 वर्ष), सुदामा पुत्र नारायण (68 वर्ष) और रामशरण पुत्र श्रीकृष्ण निवासी फिरोजाबाद भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।मौके पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
श्रद्धालुओं में मचा हड़कंप, टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। अचानक हुए जोरदार झटके से यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए बस में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि बस अनियंत्रित होकर पलटी नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
क्या बोले सीओ पिलखुवा?
सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने बताया कि बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर इमटोरी कोल्ड स्टोर के निकट बस और कैंटर की टक्कर की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा दिया गया है और मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।