Hapur News: बयान दर्ज करने तक सिमटी खाकी की कार्रवाई,बाइकर्स गैंग का आतंक कालोनी में छाया सन्नाटा

Hapur News: आज भी महिलाएं खौफ के माहौल में जीने को मजबूर हैं। शहर में गढ़ रोड पर स्थित दो कालोनियों में बाइकर्स गैंग दिन रात महिलाओं के साथ शर्मनाक वारदात को अंजाम दे रहा है

Report :  Avnish Pal
Update:2024-09-26 15:32 IST

Hapur News ( Pic- Social-  Media) 

Hapur News :-सरकार का दावा है कि महिलाएं डरें नहीं, मनचलों पर कार्रवाई के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम हर क्षेत्र में तैनात हैं। मगर, जिले में आज भी महिलाएं खौफ के माहौल में जीने को मजबूर हैं। शहर में गढ़ रोड पर स्थित दो कालोनियों में बाइकर्स गैंग दिन रात महिलाओं के साथ शर्मनाक वारदात को अंजाम दे रहा है। उधर, पुलिस की कार्रवाई महज पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज करने तक सिमटकर रह गई है। जिसके बाद फौरी मुठभेड़ कर वाहवाही लूटने वाली पुलिस की हकीकत भी लोगों के सामने आ गई है। अगर, इस मामले में पुलिस गंभीर होती, तो अब तक आरोपित सलाखों के पीछे होता। पुलिस की लचर कार्यशैली को लेकर कालोनियों में ही नहीं बल्कि जिले में भी चर्चा हो रही है।

कॉलोनीयों में छाया सन्नाटा

थाना देहात क्षेत्र की दो कालोनियों में पिछले काफी दिनों बाइकर्स गैंग के आतंक से महिलाएं त्रस्त हैं। अकेले निकलना तो दूर महिलाएं स्वयं को घर में अकेला भी असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आलम यह है कि जैसे ही महिलाएं घर से निकलकर रास्ते पर आती हैं, तो उनके साथ ऐसी शर्मनाक घटना होती है, जिसे बयां करने में भी उन्हें शर्म आती हैं। नाजुक अंगों से छेड़छाड़ कर आरोपित फरार हो जाते हैं। वहीं, दिन रात गश्त करने वाली पुलिस सरकारी वाहनों में आराम फरमाती रहती है। जिसके चलते करीब आधा दर्जन से अधिक महिलाएं सुरक्षा के लिए या तो घर में कैद हैं या स्वजन के संग ही कामकाज के लिए बाहर निकल रही हैं।

बयान दर्ज कर कार्यवाही का दिया आश्वासन

15 से ज्यादा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं के बाद जिम्मेदार चेन की नींद सो रहे हैं। नतीजा कालोनी के प्रवेश मार्ग पर लोगों ने निजी खर्च से एक गार्ड तैनात कराई है। साकेत कालोनी की महिलाओं ने वाट्सएप ग्रुप बनाकर आरोपित की गतिविधियों व उसके दबोचने का जिम्मा अपने कंधे पर ले लिया है। इतना सब कुछ होने के बावजूद मंगलवार रात व बुधवार को पुलिस टीम कालोनी में पहुंची औैर पीड़ित महिलाओं का बयान दर्ज कर मामले में इतिश्री कर दी।

आवाज उठाने वाली महिला को हड़काया

कालोनी में रहने वाली महिला जिला बुलंदशहर के बीबी नगर स्थित इंटर कालेज में उप प्रधानाचार्य है। उन्होंने न्याय की आवाज उठाने का जिम्मा लिया तो यह बात पुलिस को नागवार गुजरी। महिला थाने से उनके पास काल किया गया। जिसके बाद उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाने की बात कही गई। कालेज में होने की बात पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें जमकर हड़कया। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अपनी नाकामी को छिपाने लिए पुलिस मामले को रफा-दफा करने में जुटी है।

क्या बोले पुलिस के जिम्मेदार

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि बाइकर्स गैंग की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हैं। कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। महिलाओं के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर पुलिस को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।..

Tags:    

Similar News