Hardoi News: मौसम ने दिखाए तेवर तो वाहनों की गति पर लगे ब्रेक, 24 से और बढ़ेगी ठंड
Hardoi News: आज सुबह कोहरे के चलते सड़को पर दौड़ रहे वाहनों की गति पर भी ब्रेक लग गया। 11 बजे के बाद निकली हल्की धूप ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी है।;
Hardoi weather today (photo: social media )
Hardoi News: देश में ठंडक बढ़ चुकी है। कश्मीर और हिमाचल समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। इसके कारण मैदानी इलाकों में भी तापमान गिरा है। हरदोई में ठंड बीते कई दिनों से आगाज कर चुकी है। सुबह व शाम को तापमान में गिरावट रहने के बाद दोपहर में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। जनपद में बीती रात से कोहरे ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। कोहरे के साथ चल रही हल्की हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। आज सुबह कोहरे के चलते सड़को पर दौड़ रहे वाहनों की गति पर भी ब्रेक लग गया। हालांकि 11 बजे के बाद निकली हल्की धूप ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी है। जनपद में आज का तापमान अधिकतम 24 डिग्री व न्यूनतम 10 डिग्री रहने के आसार है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जनपद में आने वाले दिनों में लोगों को और भी भीषण कोहरे व ठंड का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग के पर्यवेक्षक रमेश वर्मा ने बताया कि 20 दिसंबर के बाद से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 24 दिसंबर तक ठंड अपनी चरम सीमा पर हो सकती है तापमान 3 डिग्री तक लुढ़ककर 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचेगा। रमेश वर्मा ने कहा कि फिलहाल अभी एक दो दिन तक लोगो को धूप का मजा मिलता रहेगा, बारिश की फिलहाल अभी कोई संभावना नही है। जनपद में कोहरा आज रात व सुबह बना रहेगा। लोगों को कोहरे से फिलहाल कोई भी राहत नहीं मिलने वाली है।