Jalaun News: जनगणना-2027 का आगाज, DM ने खुद स्व-गणना कर दिया जागरूकता का संदेश
Jalaun News: जालौन में जनगणना-2027 की शुरुआत हुई। डीएम ने स्वयं स्व-गणना कर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया और सही जानकारी देने की अपील की।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: जालौन जनपद में जनगणना-2027 के तहत बुधवार से स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने खुद ऑनलाइन स्व-गणना कर की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर अभियान में भाग लेने की अपील की और लोगों को घर बैठे डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया। भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के तहत अब नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना पूरी कर सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि इससे प्रक्रिया आसान, पारदर्शी और अधिक सटीक बनेगी।
21 मई तक चलेगा स्व-गणना अभियान
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत शुरू हुआ स्व-गणना अभियान 7 मई से 21 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान लोग भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल के जरिए घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक मोबाइल नंबर और ओटीपी सत्यापन के माध्यम से आसानी से पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी स्व-गणना पूरी कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को डिजिटल प्रक्रिया को लेकर लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।
सही आंकड़े देश के विकास की मजबूत नींव
डीएम ने जनगणना को देश और समाज के विकास की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार और दूसरी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा सही आंकड़ों के आधार पर ही तैयार की जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवार से जुड़ी सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक और सही तरीके से दर्ज करें। खासतौर पर परिवार द्वारा सबसे ज्यादा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज की जानकारी सही भरने पर भी जोर दिया गया।
स्व-गणना के बाद मिलेगी एसई आईडी
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक एसई आईडी प्रदान की जाएगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी होगा। उन्होंने बताया कि बाद में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब सत्यापन के लिए यही एसई आईडी दिखानी होगी। किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन चला रहा जागरूकता अभियान
जनपद प्रशासन की ओर से जनगणना-2027 को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों को डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ सही जानकारी दर्ज करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।