Jalaun News: जालौन में जल जीवन मिशन पर डीएम सख्त, 26 गांवों में जलापूर्ति जल्द शुरू करने के निर्देश
Jalaun News: जालौन में जल जीवन मिशन की समीक्षा में डीएम ने लापरवाही पर नाराजगी जताई। 26 गांवों में जलापूर्ति जल्द शुरू करने और सड़क मरम्मत के निर्देश दिए।
Jalaun News: जालौन में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कार्यों में लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर गांव में शीघ्र जलापूर्ति और सड़क पुनर्निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत हर गांव में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यों में देरी को गंभीरता से लेते हुए सुधार के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, लेकिन उनका पुनर्निर्माण कार्य लंबित है। इससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि सभी शेष गांवों में प्राथमिकता के आधार पर सड़क पुनर्स्थापन (रोड रेस्टोरेशन) का कार्य तत्काल पूरा कराया जाए और उसकी गुणवत्ता की सख्त जांच भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी सामने आया कि 212 गांवों में से 26 गांवों में अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को मानव संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित गांवों में शीघ्र जलापूर्ति शुरू की जाए और पाइपलाइन लीकेज, अधूरे कनेक्शन तथा तकनीकी बाधाओं को विशेष अभियान चलाकर दूर किया जाए।
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए डीएम ने सीडब्ल्यूआर प्वाइंट्स पर रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने एडीएम, एसडीएम और बीडीओ को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।