Jalaun News: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, खेत में फंदे पर मिला युवक
Jalaun News: जालौन के शाहजहांपुर गांव में शादी समारोह के दौरान युवक अचानक लापता हो गया। सुबह उसका शव खेत में पेड़ से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, खेत में फंदे पर मिला युवक (Photo- Social Media)
Jalaun News: जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र स्थित शाहजहांपुर गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव निवासी मुनीम कुशवाहा के 21 वर्षीय पुत्र राकेश कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक राकेश पहले अहमदाबाद में पानी पुरी बेचने का काम करता था, लेकिन कुछ महीनों से गांव में रहकर मजदूरी कर रहा था। बताया गया कि बुधवार रात परिवार में शादी समारोह आयोजित था, जिसमें राकेश पूरे उत्साह के साथ शामिल हुआ था। उसने डीजे पर डांस भी किया और परिजनों व रिश्तेदारों के साथ काफी खुश नजर आ रहा था।
रात में समारोह से निकला, सुबह खेत में मिला शव
परिजनों के अनुसार रात करीब एक बजे राकेश अचानक शादी समारोह से निकलकर गांव के बाहर खेतों की तरफ चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने बबूल के पेड़ पर रस्सी के सहारे युवक का शव लटका देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिवार और पुलिस को दी।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां पुष्पा देवी, बहनें सजनी और निधि का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मुनीम कुशवाहा ने बताया कि राकेश पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। मजदूरी और रोजगार को लेकर वह काफी परेशान रहता था। परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में शोक का माहौल
सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।
युवक की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। शादी वाले घर में जहां रात तक गीत-संगीत गूंज रहे थे, वहीं सुबह मातम पसरा दिखाई दिया। घटना के बाद गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।