Jalaun News: जालौन में घरेलू विवाद के बाद महिला ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
Jalaun News: जालौन के करमेर गांव में घरेलू विवाद के बाद महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
Jalaun News
Jalaun News: पारिवारिक विवाद के बाद एक 30 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ग्राम करमेर निवासी रानी (30) पत्नी भूपेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम घरेलू विवाद के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि शाम के समय किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया। इसके बाद भूपेंद्र सिंह घर से बाहर गांव की ओर चला गया।
इसी दौरान घर में अकेली मौजूद रानी ने कमरे के अंदर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब भूपेंद्र वापस घर लौटा तो पत्नी को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतका के दो छोटे पुत्र उमंग और तरंग हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अभी तक किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।