Jalaun News: उरई घंटाघर में देर रात भीषण आग का तांडव, दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद पाया काबू
Jalaun News: उरई के घंटाघर क्षेत्र में देर रात भीषण आग लग गई। दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, बड़ा नुकसान होने की आशंका।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के उरई के व्यस्ततम घंटाघर क्षेत्र में देर रात एक दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अचानक लगी आग से दहशत में लोग
मिली जानकारी के मुताबिक, जालौन जनपद के उरई कोतवाली क्षेत्र स्थित शहर के मुख्य चौराहा घंटाघर पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने तत्परता से पाया काबू
वहीं सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग की चपेट में आई दुकान से उठ रहे घने धुएं के चलते आसपास की दुकानों में भी धुआं भरने लगा था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी। हालांकि फायर फाइटर्स ने समय रहते मोर्चा संभालते हुए आग को फैलने से रोक दिया।
स्पष्ट नहीं हो सका घटना का कारण
वहीं प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं, इस घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं किया जा सका है। प्रशासन और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। फिलहाल मौके पर पहुंची प्रसाशनिक अधिकारियों की टीम घटना के कारणों की जांच और नुकसान के आकलन करने में जुटी हुई है। वहीं अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में फायर सेफ़्टी को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।