Jalaun News: जनगणना 2027 की तैयारी तेज, डीएम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया निरीक्षण

Jalaun News: जालौन में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर प्रगणकों को सटीक कार्य के निर्देश दिए।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-01 16:24 IST

Jalaun News

Jalaun News: जालौन में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर प्रगणकों को सटीक कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।भारत की जनगणना 2027 को सफल, सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए जनपद जालौन में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गांधी इंटर कॉलेज में चल रहे प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं कक्षा में बैठकर प्रशिक्षण की गुणवत्ता परखी और प्रतिभागियों से सीधा संवाद किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। उन्होंने प्रगणकों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और प्रत्येक प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझें, ताकि फील्ड में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।यह प्रशिक्षण अभियान 20 अप्रैल से शुरू होकर 5 मई 2026 तक जनपद की सभी तहसीलों एवं नगर निकायों में संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक बैच में 45 से 50 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं, जिन्हें तीन दिवसीय अनिवार्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल जनगणना, मोबाइल ऐप आधारित डेटा संग्रहण, मकान सूचीकरण और फील्ड कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। फील्ड कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रस्तावित है।निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।


Tags:    

Similar News