Jalaun News : उरई में लापता वार्ड बॉय का शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Jalaun News : उरई में लापता वार्ड बॉय का शव पुलिया के पास मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Jalaun News : उरई जिला अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय राघवेंद्र शर्मा का शव शनिवार सुबह एनसीसी पुलिया के पास मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार उरई में जिला अस्पताल में कार्यरत वार्ड बॉय राघवेंद्र शर्मा (40), पुत्र भरे शर्मा, निवासी सुशील नगर ऑफीसर कॉलोनी, 29 तारीख को ड्यूटी करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार सुबह उस समय मामला और गंभीर हो गया जब एनसीसी पुलिया के पास उनका शव पड़ा हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी।
मृतक के छोटे भाई रविंद्र शर्मा ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि राघवेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में अचानक इस तरह शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है