Jalaun News: जालौन में सड़क हादसे में प्रधान की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
Jalaun News: जालौन के कुरकुरु गांव में सड़क हादसे में ग्राम प्रधान प्रवीण कुशवाहा की मौत, भाई की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
Jalaun News: कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरकुरु में एक दर्दनाक सड़क हादसे में वर्तमान प्रधान प्रवीण कुशवाहा उर्फ ओपी की मौत हो गई। इस हादसे ने शादी के घर की खुशियों को पलभर में गहरे मातम में बदल दिया।
शादी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरकुरु निवासी प्रवीण कुशवाहा अपने छोटे भाई सत्यम कुशवाहा की शादी के कार्यक्रम में शामिल थे, जो 30 तारीख को एट स्थित अवध पैलेस में संपन्न हुआ था। परिवार, रिश्तेदार और मित्र बड़ी संख्या में शादी समारोह में मौजूद थे। रातभर टीका और अन्य रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हुईं, लेकिन सुबह यह खुशियां दर्दनाक हादसे में बदल गईं।
गांव जाते समय हुआ हादसा
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे प्रवीण कुशवाहा को गांव से सूचना मिली कि समर (पानी की मोटर) खराब हो गई है। इसे ठीक कराने के लिए वे अपनी गाड़ी से कुरकुरु गांव के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि पचोखरा के आगे एक मोड़ पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मचा हड़कंप
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और प्रवीण कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजनों की मदद से उन्हें झांसी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार में कोहराम, गांव में शोक
मृतक अपने पीछे सात महीने का मासूम बेटा छोड़ गए हैं। छोटे भाई की शादी के बाद अभी विदाई भी नहीं हो पाई थी कि यह हादसा हो गया। घटना के बाद पत्नी उर्मिला समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और शादी की खुशियां पूरी तरह मातम में बदल गईं।