Jalaun News: जालौन में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग, किसान की गृहस्थी और शादी का सामान जलकर राख
Jalaun News: जालौन के कालपी क्षेत्र में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से किसान का घर जलकर राख हो गया, बेटी की शादी का सामान भी आग में नष्ट हो गया।
Jalaun News
Jalaun News: जालौन के कालपी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। ग्राम उसरगांव में एक किसान के घर गैस सिलेंडर में आग लगने से स्थिति अचानक भयावह हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही पलों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी लाखन सिंह के घर पर उस समय खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। शुरुआत में परिवार के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सिलेंडर से उठती तेज लपटों ने हालात को बेकाबू कर दिया। खतरा बढ़ता देख घर में मौजूद सभी लोग किसी तरह बाहर निकल आए।
इसी बीच सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और गांव में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद आग और भी तेज हो गई, जिससे पूरा घर जलकर खाक हो गया। घर में रखा अनाज, कपड़े और दैनिक उपयोग का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।घटना की सूचना मिलते ही कालपी अग्निशमन केंद्र की टीम प्रभारी मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।बताया जा रहा है कि परिवार में बेटी की शादी 20 मई को होने वाली थी और उससे जुड़ा सारा सामान घर में रखा था, जो इस हादसे में जलकर राख हो गया। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है, वहीं गांव में शोक जैसा माहौल बना हुआ है।