Jalaun News: जालौन में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई टवेरा, 6 की मौत, 4 गंभीर घायल

Jalaun Road Accident: जालौन के कालपी में NH-27 पर खड़े ट्रक से टकराई टवेरा, 6 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-04 09:54 IST

Jalaun Road Accident

Jalaun News : जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस तरह कुल छह लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो की मौत, 4 रेफर

मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी पहुंचाया गया, जहां दो घायलों को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

ललितपुर ने निवासी हैं मृतक

बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी लोग ललितपुर जनपद के निवासी हैं, जो किसी कार्य से यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु कराया।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और आवश्यक निर्देश दिए। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Tags:    

Similar News