Jalaun News: जालौन भीषण अग्निकांड से उजड़े 17 परिवार, प्रशासन ने बढ़ाया मदद का हाथ

Jalaun News: जालौन में भीषण आग से 17 परिवारों के घर जलकर राख हो गए। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत सामग्री और सहायता उपलब्ध कराई।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-26 19:01 IST

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: विकासखंड डकोर के ग्राम कुसमिलिया में रविवार शाम लगी भीषण आग ने 17 परिवारों के आशियाने राख कर दिए। आग की तेज लपटों में कच्चे मकान, छप्पर, कपड़े और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और राहत कार्य शुरू कर दिए गए।

मंगलवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय देर शाम गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की ओर से राहत सामग्री, भोजन और पेयजल की व्यवस्था कराई गई। प्रभावित परिवारों के लिए लंगर भी संचालित कराया गया, ताकि किसी को भूखा न रहना पड़े।

दैवीय आपदा राहत मद से पीड़ितों के खातों में तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। वहीं सभी प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत किए गए हैं। प्रशासन ने बलराम प्रजापति, रामकिशोर प्रजापति, मंगल सिंह श्रीवास और भूरे सिंह राजपूत सहित कई पीड़ितों को सहायता राशि प्रदान की है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि आपदा की घड़ी में प्रत्येक पीड़ित परिवार को त्वरित राहत और सम्मानजनक पुनर्वास मिले। प्रशासन प्रभावित परिवारों को सामान्य जीवन से जोड़ने तक हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

Tags:    

Similar News