Jalaun News: जालौन अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, ड्रोन से होगी निगरानी
Jalaun News: जालौन में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना रॉयल्टी परिवहन रोकने को प्रशासन अलर्ट, ड्रोन निगरानी और संयुक्त कार्रवाई के दिए निर्देश।
जालौन अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, ड्रोन से होगी निगरानी (Photo- Newstrack)
Jalaun News: जालौन। जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना रॉयल्टी परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में कानून व्यवस्था और जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक कर अधिकारियों को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खनन पट्टा क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों से होगी
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अवैध खनन और परिवहन की शिकायतों पर तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। अब खनन पट्टा क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी कराई जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समितियों को सक्रिय करते हुए स्रोत स्थल पर ही अवैध खनन और परिवहन रोकने के निर्देश दिए गए।
तीन बार अवैध गतिविधियों में पकड़े जाने पर वाहन ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा
डीएम ने कहा कि ओवरलोडिंग, बिना रॉयल्टी और एनआर वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। यदि कोई वाहन तीन बार अवैध गतिविधियों में पकड़ा जाता है तो उसे ब्लैकलिस्ट कर सीज एवं स्क्रैप कराया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई अधिकारी अकेले चेकिंग नहीं करेगा, बल्कि पूरी कार्रवाई संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
बैठक में कालपी स्थित यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, एडीएम प्रेमचंद मौर्य, डीएफओ प्रदीप यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।