Jalaun News: कर्ज और घरेलू कलह से परेशान व्यापारी ने खाया सल्फास, मौत

Jalaun News: जालौन में कर्ज और घरेलू कलह से परेशान एक व्यापारी ने सल्फास खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-26 11:51 IST

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी 40 वर्षीय सुनील साहू पुत्र रामआसरे ने कर्ज और घरेलू तनाव से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सुनील साहू पिछले चार वर्षों से नगर के मोहल्ला पुरुवा में किराये के मकान में परिवार सहित रह रहा था। वह गल्ला मंडी में अनाज का व्यापार करता था। वो सोमवार को रिश्तेदारी में जनपद हमीरपुर के थाना कुरारा क्षेत्र स्थित ग्राम ककरऊ गया हुआ था। वहीं पर उसने सल्फास का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों और रिश्तेदारों को मामले की जानकारी हुई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतक पर लगभग 35 लाख रुपये का कर्ज था। कर्जदाताओं के लगातार तगादे के चलते घर में आए दिन विवाद और तनाव बना रहता था। इसी मानसिक दबाव के कारण वह काफी समय से परेशान चल रहा था। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी रानी देवी, पुत्री रीशु, नेसी तथा पुत्र जिगर को छोड़ गया है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags:    

Similar News