Jalaun News: जालौन में रांग साइड आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत
Jalaun News: जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर प्रतापपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने रांग साइड आकर बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत और दूसरा घायल हो गया।
By : Afsar Haq
Update:2026-08-22 20:16 IST
Jalaun News
Jalaun News: जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर शनिवार को ग्राम प्रतापपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने रांग साइड में आकर बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइक सवार जालौन-औरैया स्टेट हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान प्रतापपुरा गांव के पास सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर रांग साइड में पहुंच गया। ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भागने लगा। दुर्घटना देख आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर चालक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही, घायल बाइक सवार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ के साथ घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल कर रही है।दुर्घटना के चलते हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।