Jalaun News: जालौन नाग पंचमी पर चौरसिया समाज ने दिखाई एकजुटता, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
Jalaun News: जालौन में नाग पंचमी पर चौरसिया समाज ने एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: राठ रोड स्थित मंडपम गेस्ट हाउस में नाग पंचमी एवं चौरसिया दिवस पर चौरसिया समाज की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय चौरसिया महासभा एवं अपना दल (एस) युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय चौरसिया मुख्य अतिथि रहे। राष्ट्रीय संरक्षक राजेंद्र बनारसी और प्रदेश अध्यक्ष पारस नाथ चौरसिया की मौजूदगी में समाज की एकजुटता और सामाजिक उत्थान का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य देव श्री चौऋषि महाराज एवं नागवेली के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि विजय चौरसिया ने कहा कि नाग पंचमी और चौरसिया दिवस समाज की गौरवशाली परंपरा एवं सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर शिक्षा को बढ़ावा देने तथा युवाओं को राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में आगे लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा सशक्त होंगे तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
राष्ट्रीय संरक्षक राजेंद्र बनारसी ने समाज के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कुरीतियों को दूर करने और आपसी भाईचारा मजबूत करने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष पारस नाथ चौरसिया ने संगठन के विस्तार तथा समाज के राजनीतिक एवं आर्थिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम में आयोजकों ने अतिथियों का फूल-मालाओं और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं और समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कानपुर, वाराणसी, आगरा, मिर्जापुर, हरदोई, झांसी, हमीरपुर, औरैया समेत कई जिलों से समाज के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष शिवकुमार उर्फ मोहन चौरसिया, संयोजक अशोक कुमार चौरसिया, व्यवस्थापक शिवकुमार चौरसिया कुसमिलिया, प्रदेश सचिव ऋतिक चौरसिया, युवा जिला अध्यक्ष अमन उर्फ मोंटू चौरसिया और मीडिया प्रभारी मोहित चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।