Jalaun News: उरई में तेज रफ्तार कार का कहर, नशे में चालक ने कई लोगों को मारी टक्कर
Jalaun News: जालौन के उरई में जेल रोड स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के सामने शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहे चालक ने कई राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हुए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Jalaun News
Jalaun News: शहर के जेल रोड स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के सामने गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहे चालक ने कई राहगीरों को टक्कर मार दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार चालक नशे की हालत में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को संभाला। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सड़क पर लगे जाम को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।पुलिस का कहना है कि चालक के मेडिकल परीक्षण की तैयारी की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह शराब के नशे में था या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।