Jalaun News: मामा के घर आई किशोरी ने जहर खाकर दी जान, इलाके में मचा हड़कंप

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निवाड़ी में एक किशोरी द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-27 15:10 IST

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निवाड़ी में एक किशोरी द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि उरई के रामनगर क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय प्रिंसी गर्मियों की छुट्टियों में अपने मामा के घर ग्राम निवाड़ी घूमने आई थी। प्रिंसी कक्षा 8 की छात्रा थी। मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसने जहरीली दवा का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

कालपी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जाएगी।

Tags:    

Similar News