Jhansi News: डेढ़ साल के दुधमुंहे बेटे संग मां ने दी जान, इलाके में मचा कोहराम
Jhansi News: लहचूरा थाना क्षेत्र के बरुआमाफ गांव में रहने वाले कौशल कुशवाहा खेती का काम करता है। पांच साल पहले उसकी शादी मऊरानी पुर में रहने वाली 26 वर्षीय पूजा के साथ हुई थी।;
jhansi news
Jhansi News: जिले के लहचूरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत बरूआमाफ गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई। यहां मां ने खुद और अपने डेढ़ साल के दुधमुंहे बच्चे पर पेट्रोल डाला और फिर आग लगा लिया। घर से धुंआ निकलता देख मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी। लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया और दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने दोनों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया है।
घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता की मौत पर मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पति-पत्नी में अक्सर होता था झगड़ा
मिली जानकारी के अनुसार लहचूरा थाना क्षेत्र के बरुआमाफ गांव में रहने वाले कौशल कुशवाहा खेती का काम करता है। पांच साल पहले उसकी शादी मऊरानी पुर में रहने वाली 26 वर्षीय पूजा के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी होने के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। कुछ दिन पहले डेढ़ साल के मासूम बेटे की तबीयत खराब हो गयी थी। जिसके इलाज को लेकर भी पति और पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था।
रविवार सुबह अचानक पूजा और उसके बेटे के चीखने और रोने की आवाज सुनायी दी। इसके बाद अचानक घर के कमरे में धुंआ उठता देख पड़ोसी दौड़कर पहुंचे। वहां कमरे में विवाहिता और मासूम को आग की लपटों के बीच घिरा हुआ देख लोग सन्न रहे गये। लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया। लेकिन तब तक दोनों काफी झुलस गये थे। लोगों ने दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में एसपी आरए गोपीनाथ सोनी ने बताया कि विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत अन्य ससुराल वालों को हिरासत में ले लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।